Bareilly News: अपहरण कांड का वांटेड अपराधी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली में थाना इज्जतनगर पुलिस और बदमाशों के बीच मंगलवार रात जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। कलापुर पुलिया पीलीभीत रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने की कोशिश की, जिस पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग झोंक दी। इस हमले में कांस्टेबल नीशू तिवारी घायल हो गए। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में 24 वर्षीय शातिर अपराधी विमल के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अंधेरे का फायदा उठाकर उसका एक साथी फरार होने में सफल रहा।

गिरफ्तार अभियुक्त विमल पुत्र विनोद कुमार, बरेली के नवाबगंज का रहने वाला है। वह इज्जतनगर थाने में दर्ज फिरौती के लिए अपहरणके मामले में वांछित चल रहा था। विमल ने स्वीकार किया कि उसने 9 मई को फन सिटी के पास से अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक का अपहरण किया था। इस कांड का मुख्य आरोपी उमाशंकर पहले ही जेल जा चुका है।

चोरी की अपाचे और अवैध असलहा बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने विमल के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। इसके अलावा, उसके पास से टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल मिली है, जो बदायूं के सिविल लाइंस थाने से चोरी की गई थी। पुलिस टीम अब फरार अभियुक्त की तलाश में जुटी है। इस सफल ऑपरेशन का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक सुरेश चन्द्र गौतम और उनकी टीम ने किया।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: Prateek Yadav Death: ‘कारोबार में नुकसान से दुखी थे छोटे भाई’, प्रतीक यादव के निधन पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव का बड़ा बयान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.