CBSE 12वीं का रिजल्ट घोषित, 85.20% छात्र सफल, लड़कियों ने फिर मारी बाजी

Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम जारी कर दिए हैं। इस वर्ष देशभर के छात्र-छात्राओं का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 85.20 रहा, जो पिछले वर्ष (88.39%) के मुकाबले 3.19 फीसदी कम है। परीक्षा में एक बार फिर लड़कियों का दबदबा रहा; जहाँ 88.86% लड़कियां सफल हुईं, वहीं लड़कों का पास प्रतिशत 82.13 दर्ज किया गया। ट्रांसजेंडर विद्यार्थियों ने अपनी शानदार परंपरा को बरकरार रखते हुए 100% परिणाम दिया है।

क्षेत्रवार प्रदर्शन की बात करें तो दिल्ली क्षेत्र ने राष्ट्रीय औसत को पीछे छोड़ते हुए 91.97% सफलता दर हासिल की है। दिल्ली पश्चिम का परिणाम 92.34% और दिल्ली पूर्व का 91.73% रहा। इस वर्ष 17 फरवरी से 10 अप्रैल के बीच आयोजित परीक्षाओं के लिए 17.80 लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 15 लाख से ज्यादा विद्यार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए हैं।

98 लाख कॉपियों की हुई ऑन स्क्रीन चेकिंग

सीबीएसई ने इस बार मूल्यांकन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाया है। बोर्ड ने पहली बार व्यापक स्तर पर ऑन स्क्रीन मार्किंग प्रणाली लागू की, जिसके तहत 98,66,622 उत्तर पुस्तिकाओं का डिजिटल मूल्यांकन किया गया। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप इस पहल से न केवल मानवीय गलतियों (जैसे अंक जोड़ने में त्रुटि) की संभावना खत्म हुई, बल्कि कॉपियों को एक शहर से दूसरे शहर भेजने का जोखिम भी समाप्त हो गया।

Also Read: नेपाल में भारतीय वाहनों पर 30 दिन के भंसार नियम की सख्ती, क्यूआर कोड व ऐप से प्रक्रिया हुई ऑनलाइन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.