Lucknow News: मोदी सरकार के 12 साल ‘बेमिसाल’ नहीं, बेरोजगारी और महंगाई का काल- अजय राय

Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे “12 साल बेमिसाल” अभियान पर तीखा प्रहार करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि मोदी सरकार का यह दौर उपलब्धियों का नहीं, बल्कि बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और लोकतांत्रिक संस्थाओं के कमजोर होने के रूप में याद किया जाएगा।

बुधवार को जारी बयान में अजय राय ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए जश्न मना रही है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि देश का नौजवान बेरोजगार है, किसान परेशान हैं और आम जनता महंगाई से त्रस्त है।

उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार देने में पूरी तरह असफल रही है। देशभर में 90 से अधिक पेपर लीक की घटनाएं सामने आईं, जिनमें उत्तर प्रदेश में ही दो दर्जन से ज्यादा प्रतियोगी परीक्षाएं शामिल हैं। सरकार एक भी परीक्षा निष्पक्ष और सुरक्षित ढंग से कराने में नाकाम रही।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन आज बेरोजगारी पिछले चार दशकों के उच्चतम स्तर पर पहुंच चुकी है।

“सरकार ने लोगों के हाथों से काम छीनकर उन्हें राशन का झोला पकड़ा दिया। आज 80 करोड़ लोग मुफ्त राशन लेने को मजबूर हैं, जिनमें 16 करोड़ लोग अकेले उत्तर प्रदेश से हैं,” उन्होंने कहा।

अजय राय ने आर्थिक मोर्चे पर भी सरकार को घेरते हुए दावा किया कि देश पहली बार चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से गिरकर छठे स्थान पर पहुंचा है और आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है।

उन्होंने रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया द्वारा सोना बेचने जैसे फैसलों को भी देश की आर्थिक बदहाली का संकेत बताया।

विदेश नीति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत की कूटनीतिक स्थिति कमजोर हुई है।

“जिस पाकिस्तान को कांग्रेस सरकार ने वैश्विक स्तर पर अलग-थलग कर दिया था, आज वही पाकिस्तान भारत से आगे दिखाई दे रहा है,” उन्होंने आरोप लगाया।

महंगाई को लेकर अजय राय ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है।

किसान खाद की कमी और कालाबाजारी से जूझ रहे हैं, जबकि आने वाले समय में खाद्य पदार्थों की कीमतों में और बढ़ोतरी की आशंका है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की तथाकथित डबल इंजन सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और अब जनता बदलाव चाहती है।

Also Read: Bareilly News: ‘पंखिया गैंग’ का शातिर सदस्य गिरफ्तार, 5 चोरी की घटनाओं का खुलासा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.