Siddharthnagar News: जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी का प्रदर्शन, उपजिलाधिकारी को सौंपा 14 सूत्रीय ज्ञापन

Sandesh Wahak Digital Desk: जनपद सिद्धार्थनगर में समाजवादी पार्टी ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।

पार्टी कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित 14 सूत्रीय ज्ञापन उपजिलाधिकारी नौगढ़ के माध्यम से सौंपते हुए सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था, बिजली कटौती और किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला।

नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

सदर तहसील परिसर में आयोजित इस प्रदर्शन में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। यह कार्यक्रम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर आयोजित किया गया।

इस मौके पर जिला अध्यक्ष लालजी यादव, पूर्व विधायक चौधरी अमर सिंह, महिला सभा की जिलाध्यक्ष सुनीता गोस्वामी और जिला पंचायत सदस्य रिनधु पासवान प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

जिला पंचायत सदस्य रिनधु पासवान ने कहा कि प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, जबकि किसानों की समस्याएं अनसुनी की जा रही हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जनहित की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।

ज्ञापन की प्रमुख मांगें

राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ी कीमतों को वापस लेने, महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण करने तथा अघोषित बिजली कटौती बंद कर रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।

इसके साथ ही किसानों को समय पर खाद, बीज और डीजल उपलब्ध कराने, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई करने और निष्पक्ष प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।

पार्टी नेताओं ने नीट पेपर लीक मामले के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई, प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और आम जनता को न्याय दिलाने की भी मांग की।

इसके अतिरिक्त ज्ञापन में दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न पर रोक, आरक्षित वर्ग के रिक्त पदों पर भर्ती, महिलाओं के 33 प्रतिशत आरक्षण के प्रभावी क्रियान्वयन और विभिन्न चर्चित मामलों में न्याय सुनिश्चित करने की मांग को प्रमुखता से रखा गया।

रिपोर्ट- ज़ाकिर खान

Also Read: Bareilly News: एनकाउंटर के बाद गिरफ्तारी, नोटों की माला चोरी करने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, एक घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.