यूपी में बिजली फॉल्ट की मरम्मत में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, अधिकारियों को सख्त चेतावनी
UPPCL News : उत्तर प्रदेश में बिजली फॉल्ट की मरम्मत और आपूर्ति बहाली में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव और पावर कॉरपोरेशन के चेयरमैन डॉ. आशीष गोयल ने विद्युत आपूर्ति की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को यह चेतावनी दी।
डॉ. गोयल ने कहा कि आंधी-तूफान से प्रभावित क्षेत्रों में जहां बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए जरूरी अनुरक्षण कार्यों को समय पर पूरा नहीं किया गया है, वहां जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सभी क्षेत्रों में पर्याप्त विद्युत सामग्री उपलब्ध है और स्थानीय स्तर पर जरूरत के अनुसार सामग्री खरीदने के लिए अधिशासी अभियंताओं को अधिकार और धनराशि भी उपलब्ध कराई गई है। ऐसे में बिजली संबंधी बाधाओं को कम से कम समय में दूर कर आपूर्ति बहाल की जानी चाहिए।
स्मार्ट मीटर, नए कनेक्शन और सुरक्षा पर भी जोर
समीक्षा बैठक में डॉ. गोयल ने निर्देश दिए कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को समय पर और सही रीडिंग के आधार पर बिल मिले, इसके लिए पूरी प्रक्रिया को समयबद्ध और त्रुटिरहित बनाया जाए।
उन्होंने सभी जिलों में अविकसित कॉलोनियों का सर्वे कराने के भी निर्देश दिए, ताकि वहां बिजली कनेक्शन स्वीकृत करने की प्रक्रिया आसान हो सके।
उन्होंने अधिकारियों से उपकेंद्र डैशबोर्ड का प्रभावी उपयोग करने को कहा और बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए।
डॉ. गोयल ने यह भी कहा कि अनुरक्षण कार्यों के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। यदि किसी कर्मचारी के साथ दुर्घटना होती है और उसमें लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

