Sitapur News: लहरपुर में स्वच्छता की पोल खुली, वार्ड में सड़क पर बह रहा नालियों का गंदा पानी

Sandesh Wahak Digital Desk: नगर में स्वच्छता व्यवस्था के दावों की हकीकत मोहल्ला बागवानी टोला में सामने आ रही है।

यहां नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दुर्गंध के साथ मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से नालियों की सफाई नहीं कराई गई। परिणामस्वरूप आवागमन प्रभावित हो रहा है और बच्चों व बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का आरोप है कि शिकायतें किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

हैरानी की बात यह है कि यह मोहल्ला स्वयं नगर पालिकाध्यक्ष के वार्ड में आता है। ऐसे में यहां की बदहाली नगर पालिका परिषद लहरपुर के स्वच्छता दावों पर सवाल खड़े करती है।

नागरिकों का कहना है कि जब अध्यक्ष के वार्ड की यह स्थिति है, तो अन्य क्षेत्रों की दशा का अंदाजा लगाया जा सकता है।

उधर, बुधवार को पालिकाध्यक्ष हाजी जावेद अहमद की अध्यक्षता में उनके आवास-कार्यालय पर सफाई नायकों की बैठक हुई। बैठक में पालिकाध्यक्ष ने सफाई व्यवस्था पर असंतोष जताते हुए कड़े निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निरीक्षण में कमी मिलने पर संबंधित सफाई नायक के विरुद्ध कार्रवाई होगी।

साथ ही, आगामी बारिश को देखते हुए सभी नालों-नालियों की युद्धस्तर पर सफाई तथा निकाले गए मलबे का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि मोहल्ला बागवानी टोला की समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए और सड़क पर बह रहे गंदे पानी से निजात दिलाई जाए, ताकि बरसात के मौसम में हालात और खराब न हों।

Also Read: Kanpur News: वेंटिलेशन से लेकर चेस्ट कंप्रेशन तक, चिकित्सकों को मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण

Get real time updates directly on you device, subscribe now.