UP में अब 10 जून नहीं, इस तारीख तक मिलेगा मुफ्त Ration, योगी सरकार ने बढ़ाई तारीख

UP Free Ration Scheme: उत्तर प्रदेश के करोड़ों राशन कार्डधारकों के लिए राहत भरी खबर है। योगी सरकार ने जून महीने के मुफ्त राशन वितरण की अवधि बढ़ा दी है। पहले राशन वितरण की अंतिम तारीख 10 जून तय की गई थी, लेकिन अब लाभार्थी 15 जून 2026 तक अपना राशन प्राप्त कर सकेंगे।

बताया जा रहा है कि UP के कई जिलों के जिलाधिकारियों ने शासन को पत्र लिखकर निर्धारित समय सीमा के भीतर Ration वितरण पूरा न हो पाने की जानकारी दी थी। इसके बाद खाद्य एवं रसद विभाग ने स्थिति की समीक्षा की और वितरण अवधि बढ़ाने का फैसला लिया। इस संबंध में प्रमुख सचिव एवं खाद्य आयुक्त रणवीर प्रसाद ने आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।

जून माह का राशन वितरण 25 मई से शुरू हुआ था। अब अतिरिक्त समय मिलने से ऐसे लाभार्थियों को भी राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश अब तक राशन नहीं ले पाए हैं।

किसे कितना मिलेगा Ration?

  • अंत्योदय कार्डधारकों को 14 किलो गेहूं और 21 किलो चावल, यानी कुल 35 किलो मुफ्त राशन मिलेगा।
  • पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट 2 किलो गेहूं और 3 किलो चावल दिया जाएगा।

विभाग के अनुसार सभी उचित दर की दुकानों पर राशन वितरण सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थियों तक खाद्यान्न पहुंच सके।

शिकायत और पोर्टेबिलिटी की सुविधा

राशन वितरण में किसी भी तरह की गड़बड़ी या समस्या होने पर लाभार्थी टोल फ्री नंबर 1967 और 1800-1800-150 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा प्रदेश में One Nation One Ration Card योजना के तहत पोर्टेबिलिटी सुविधा भी जारी रहेगी। यानी कार्डधारक किसी भी उचित दर की दुकान से अपना राशन प्राप्त कर सकेंगे।

उत्तर प्रदेश में वर्तमान में करीब 3.64 करोड़ Ration कार्डधारक हैं, जिनके जरिए लगभग 14.62 करोड़ लाभार्थियों को हर महीने मुफ्त या रियायती दर पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता है। सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वितरण प्रक्रिया में किसी भी पात्र व्यक्ति को परेशानी न हो और सभी लाभार्थियों तक समय पर राशन पहुंचे।

Also Read: UP: 13 लाख माफ किए चालानों की फिर से होगी जांच, 4 लाख लोगों को भरना होगा जुर्माना!

Get real time updates directly on you device, subscribe now.