Lucknow को मिलेगा सबसे मॉडर्न स्काई वॉक, 18 करोड़ के ड्रीम प्रोजेक्ट को LDA की मंजूर
Lucknow News: लखनऊ में शहीद पथ पर स्थित Lulu Mall के सामने जल्द ही एक आधुनिक Sky Walk (Foot Overbridge) बनाया जाएगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी दे दी है। करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह स्काई वॉक न सिर्फ पैदल यात्रियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा देगा, बल्कि शहर को एक नया आइकॉनिक अरबन स्पेस भी मिलेगा।
प्रस्तावित फुट ओवरब्रिज की लंबाई लगभग 100 मीटर और चौड़ाई 5 मीटर होगी। इसका निर्माण पीपीपी (PPP) मॉडल पर किया जाएगा, जिसमें पूरा खर्च निजी कंपनी वहन करेगी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में परियोजना का प्रस्तुतीकरण किया गया, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू करने की हरी झंडी दे दी गई।
लिफ्ट, ग्रीन एरिया और रूफटॉप रेस्टोरेंट की सुविधा

LDA के अनुसार, स्काई वॉक में सीढ़ियों के साथ लिफ्ट की भी व्यवस्था होगी, जिससे वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और महिलाओं को विशेष सुविधा मिलेगी। परियोजना के तहत ग्राउंड फ्लोर पर करीब 1200 वर्गमीटर क्षेत्र में आकर्षक ग्रीन एरिया विकसित किया जाएगा।
इसके अलावा कियोस्क, सार्वजनिक उपयोग के लिए इंटरैक्टिव स्पेस, शौचालय और पार्किंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। वहीं ग्राउंड फ्लोर, मेजेनाइन और प्रथम तल पर कमर्शियल स्पेस विकसित किया जाएगा। स्काई वॉक के रूफटॉप पर ओपन एयर रेस्टोरेंट और एलईडी स्क्रीन लगाने की भी योजना है।
सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन पर रहेगा विशेष फोकस

LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि परियोजना की डिजाइन में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। स्काई वॉक में एंटी-स्किड फ्लोरिंग, मजबूत रेलिंग, सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्पष्ट साइनेज, फायर सेफ्टी सिस्टम और भूकंपरोधी संरचना का प्रावधान किया गया है।
निर्माण कार्य के दौरान यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए चरणबद्ध निर्माण पद्धति अपनाई जाएगी। जरूरत पड़ने पर अस्थायी डायवर्जन, बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और ट्रैफिक मार्शल की व्यवस्था की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर यातायात को सुचारु रखा जाएगा।
Also Read: Lucknow: सिर्फ 20 से 35 लाख में होगा अपना घर! LDA बनाएगा 1392 नए फ्लैट

