गर्मी ने बढ़ाई टेंशन! UP में बिजली की मांग ने तोड़ा रिकॉर्ड, सप्लाई सिस्टम पर भारी दबाव

Electricity Crisis in UP: उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच बिजली की मांग ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। लगातार बढ़ती Power Demand के कारण प्रदेश की बिजली व्यवस्था पर भारी दबाव बन गया है। हालात ऐसे हैं कि रिकॉर्ड बिजली आपूर्ति के बावजूद कई इलाकों में कटौती, फॉल्ट और ट्रिपिंग की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।

ऊर्जा विभाग के आंकड़ों के अनुसार 10 जून की रात प्रदेश में बिजली की पीक डिमांड 31,894 मेगावाट तक पहुंच गई, जो अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। इससे पहले 8 और 9 जून को यह आंकड़ा 31,678 मेगावाट दर्ज किया गया था। बढ़ती मांग के कारण बिजली आपूर्ति व्यवस्था को संभालना विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

लगातार बढ़ते लोड का असर बिजली ढांचे पर भी दिखाई देने लगा है। कई जगह ट्रांसफॉर्मर ट्रिप होने, केबल जलने, तार टूटने और सबस्टेशनों पर तकनीकी खराबी की घटनाएं बढ़ी हैं। स्थानीय स्तर पर फॉल्ट की संख्या बढ़ने से उपभोक्ताओं को घंटों बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है।

1912 हेल्पलाइन पर शिकायतों की बाढ़

बिजली संकट (Electricity Crisis) का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि विभाग की हेल्पलाइन 1912 पर शिकायतों का आंकड़ा रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। जहां सामान्य दिनों में रोजाना करीब 30 हजार कॉल आती थीं, वहीं अब शिकायतों की संख्या बढ़कर 55 हजार प्रतिदिन से अधिक हो गई है।

विभागीय सूत्रों के अनुसार लगातार छंटनी के कारण संविदा कर्मचारियों की संख्या कम हुई है, जिससे स्थानीय फॉल्ट को समय पर ठीक करने में भी दिक्कतें आ रही हैं। कई इलाकों में शटडाउन के नाम पर कटौती की शिकायतें भी मिल रही हैं।

ऊर्जा मंत्री ने मांगा जनता का सहयोग

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश पिछले कई वर्षों से रिकॉर्ड बिजली आपूर्ति कर रहा है और यह देश में सबसे अधिक है। उन्होंने बताया कि 10 जून को प्रदेश में अब तक की सबसे अधिक बिजली मांग दर्ज की गई।

मंत्री ने कहा कि सरकार लगातार बिजली ढांचे को मजबूत करने पर काम कर रही है, लेकिन भीषण गर्मी, आंधी-तूफान और अन्य प्राकृतिक कारणों से कई बार आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो जाती है। उन्होंने उपभोक्ताओं से संयम और सहयोग बनाए रखने की अपील की है।

Also Read: UP में अब 10 जून नहीं, इस तारीख तक मिलेगा मुफ्त Ration, योगी सरकार ने बढ़ाई तारीख

Get real time updates directly on you device, subscribe now.