Bareilly News: योग सप्ताह का शुभारंभ, मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने किया उद्घाटन

Sandesh Wahak Digital Desk: बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में स्पोर्ट्स स्टेडियम, बरेली में योग सप्ताह का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) वन एवं पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन डॉ. अरुण कुमार ने भगवान धन्वंतरि एवं महर्षि पतंजलि के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया।

योग सप्ताह के अंतर्गत 15 जून से 20 जून 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 6 से 8 बजे तक सामूहिक योगाभ्यास के साथ स्लोगन लेखन, योग चित्रकला, योगासन प्रतियोगिताएं और योग सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम 21 जून 2026 को स्पोर्ट्स स्टेडियम में वृहद सामूहिक योगाभ्यास के रूप में होगा।

इस अवसर पर मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि वृद्धावस्था जनित रोगों से बचाव और स्वस्थ जीवन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि योग को केवल एक दिन का आयोजन न मानकर दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाएं।

मंत्री ने प्रधानमंत्री के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति की यह प्राचीन परंपरा आज वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य और सकारात्मक सोच का संदेश दे रही है।

Bareilly News

कार्यक्रम में उपस्थित सांसद ने कहा कि योग हमारी अमूल्य विरासत है और “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना के साथ आज पूरा विश्व 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रहा है। योग को दिनचर्या में अपनाकर ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।

जिलाधिकारी ने योग को भारत की ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि यह केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन की जीवन पद्धति है, जिसे आज विश्व भर में स्वीकार किया जा रहा है।

सामूहिक योगाभ्यास का संचालन नित्या शर्मा और डॉ. गरिमा सिंह ने किया, जबकि अभ्यास सत्र राहुल, विजय, भूपेश, आस्था, नमिता, सुनीत और आदित्य ने सम्पन्न कराया।

योग के प्रचार-प्रसार हेतु मंत्री, सांसद, विधायकगण, जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा का भी शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में रोहिलखंड आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, गंगाशील आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, फ्यूचर आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज और जीनियस क्लब बरेली की सहभागिता रही।

जीनियस क्लब द्वारा योग प्रशिक्षकों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए। इसके साथ ही जनपद के सभी आयुष चिकित्सालयों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्राम प्रधानों की उपस्थिति में योग सप्ताह का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में माननीय सांसद बरेली छत्रपाल गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा (बिथरी चैनपुर), विधायक डॉ. एम.पी. आर्य (नवाबगंज), विधान परिषद सदस्य बहोरन लाल मौर्य व कुंवर महाराज सिंह सहित जिलाधिकारी अविनाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी और आयुष विभाग के अधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Also Read: Lucknow News: ‘हमारा सपना सच हुआ…’, जेवर से फ्लाइट के जरिए लखनऊ पहुंचे 172 किसान, CM योगी से करेंगे मुलाकात

Get real time updates directly on you device, subscribe now.