Lucknow News: ‘हमारा सपना सच हुआ…’, जेवर से फ्लाइट के जरिए लखनऊ पहुंचे 172 किसान, CM योगी से करेंगे मुलाकात
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.
Trending
Sandesh Wahak Digital Desk: नोएडा के जेवर में बने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सोमवार को वाणिज्यिक उड़ानों की औपचारिक शुरुआत हो गई।
पहले ही दिन जेवर एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना हुई पहली फ्लाइट में 172 से अधिक किसान और खेतिहर मजदूर सवार होकर राजधानी पहुंचे।
इस ऐतिहासिक यात्रा को लेकर किसानों में खासा उत्साह और भावुकता देखने को मिली।
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से उड़ान भरकर लखनऊ पहुंचे किसानों ने कहा कि जिस जमीन पर उन्होंने कभी खेती की, आज उसी भूमि से हवाई जहाज में बैठकर राजधानी आना उनके लिए सपने के सच होने जैसा है।
कई किसानों ने कहा कि बचपन में आसमान में उड़ते जहाज देखकर उनके पीछे दौड़ा करते थे, लेकिन कभी नहीं सोचा था कि एक दिन खुद उसी जहाज में बैठेंगे।
इस पहली उड़ान में जेवर से भाजपा विधायक धीरेंद्र सिंह भी किसानों के साथ लखनऊ पहुंचे। यहां सभी किसान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे।

फ्लाइट में सवार कुछ किसानों और महिलाओं ने बताया कि उड़ान भरते समय थोड़ी घबराहट जरूर हुई, लेकिन जल्द ही डर खुशी में बदल गया। कुछ लोगों ने धार्मिक जयकारों के साथ अपने डर को दूर किया।
मुस्लिम समुदाय से जुड़े किसान भी इस यात्रा में शामिल रहे और उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलने को लेकर उत्साह जताया।
हालांकि, खुशी के बीच कुछ किसानों ने यह सवाल भी उठाया कि एयरपोर्ट तो बन गया है, लेकिन अगर इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार भी मिलता तो यह और बेहतर होता।
किसानों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में इस परियोजना से उनके बच्चों को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों के आगमन पर कहा कि अन्नदाता देश की समृद्धि का आधार हैं। जेवर एयरपोर्ट के लिए अपनी भूमि समर्पित करने वाले किसानों का सम्मान करना सरकार का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की प्रगति और सहभागिता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि जिन किसानों को कभी इस बड़े प्रोजेक्ट के लिए मनाया गया था।
आज वही किसान यहां से उड़ान भरने वाली पहली फ्लाइट के साक्षी बने हैं। यह जेवर और आसपास के क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है।
जेवर एयरपोर्ट से शुरू हुई यह पहली उड़ान न सिर्फ हवाई संपर्क की शुरुआत है, बल्कि उन किसानों के लिए भी एक भावनात्मक उपलब्धि है, जिनकी जमीन पर यह सपना साकार हुआ।
Get real time updates directly on you device, subscribe now.