Siddharthnagar News: मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर प्रेसवार्ता, प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने गिनाईं उपलब्धियां

Siddharthnagar News: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सिद्धार्थनगर जनपद में कलेक्ट्रेट सभागार में एक प्रेसवार्ता आयोजित की गई।

प्रेसवार्ता की अध्यक्षता जनपद प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार में श्रम, सेवायोजन एवं समन्वय विभाग के मंत्री अनिल राजभर ने की।

इस दौरान सदर विधायक श्यामधनी राही, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद माधव, पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन., वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन, अपर जिलाधिकारी गौरव श्रीवास्तव, एसडीएम सदर राहुल सिंह सहित जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और वैश्विक सम्मान के नए मानक स्थापित किए हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और सिद्धार्थनगर जनपद भी इस प्रगति का सशक्त उदाहरण है।

Siddharthnagar News

मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत जनपद के 3,50,284 किसानों को 1541.25 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए हैं।

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में 73,796 किसानों को 55.17 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ है। प्रधानमंत्री कुसुम योजना से 923 लाभार्थियों को लाभ मिला है, जबकि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत 7,52,855 खाते खोले गए।

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत 85,464 लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराया गया। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से 29.24 लाख से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 2,01,592 परिवारों को पक्का आवास मिला, वहीं शहरी आवास योजना में 9,096 लाभार्थी लाभान्वित हुए।

आयुष्मान भारत योजना में 6,64,340 पात्र लाभार्थी शामिल किए गए हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 2,11,149 परिवारों को गैस कनेक्शन दिए गए।

स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 3,93,085 शौचालयों का निर्माण कराया गया, जबकि जल जीवन मिशन के तहत 762 परियोजनाओं के माध्यम से 2,67,645 घरों को नल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए।

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत 1,949 सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित किए गए हैं।

प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने बताया कि 43,992 किसानों का 203.08 करोड़ रुपये का ऋण माफ किया गया।

गेहूं खरीद में 62,812 किसानों को 730.48 करोड़ रुपये तथा धान खरीद में 91,457 किसानों को 2897.44 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। उथले नलकूप योजना से 53,174 किसानों को लाभ मिला। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 2,369 लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराया गया।

इसके अलावा 1,136 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण, 1,130 पंचायत भवन पूर्ण और 6 निर्माणाधीन हैं। 83 अंत्येष्टि स्थलों का निर्माण कराया गया है।

निर्माण और सड़क परियोजनाओं की जानकारी देते हुए मंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 से अब तक 945 परियोजनाएं पूर्ण की गई हैं, जिनकी कुल लागत 3493.67 करोड़ रुपये है।

वहीं, 239 परियोजनाएं 2125.74 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 55 सड़कों का निर्माण कर 396.69 किलोमीटर लंबाई विकसित की गई है।

लोक निर्माण विभाग द्वारा 597 से अधिक सड़क और भवन परियोजनाएं पूरी की गई हैं, साथ ही 49 से अधिक सेतु परियोजनाओं का निर्माण भी कराया गया है।

प्रेसवार्ता के समापन पर मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास को जन-जन तक पहुंचाना है और आने वाले समय में सिद्धार्थनगर सहित पूरे प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाता रहेगा।

रिपोर्ट- ज़ाकिर खान

Also Read: Bareilly News: योग सप्ताह का शुभारंभ, मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने किया उद्घाटन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.