लखनऊ के SGPGI ने रचा इतिहास, दो बच्चों के दुर्लभ कैंसर का सफल इलाज कर बचाई जान
Lucknow News: संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) ने बाल कैंसर उपचार के क्षेत्र में एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो बच्चों में पाए गए अत्यंत दुर्लभ और जटिल कैंसर का सफल उपचार किया है। पीडियाट्रिक सर्जिकल सुपर स्पेशियलिटी विभाग की विशेषज्ञ टीम ने कई घंटों तक चली चुनौतीपूर्ण सर्जरी के जरिए दोनों बच्चों को नई जिंदगी दी।
पहला मामला अयोध्या के 10 माह के शिशु का था, जिसे हेपेटोब्लास्टोमा नामक लिवर कैंसर (Liver Cancer) का था। ट्यूमर ने लिवर के 70 प्रतिशत से अधिक हिस्से को प्रभावित कर दिया था और वह शरीर की प्रमुख रक्त वाहिका आईवीसी के बेहद निकट था। चार चक्र कीमोथेरेपी के बाद लगभग छह घंटे तक चली जटिल सर्जरी में ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकाल दिया गया।
दूसरा मामला प्रयागराज के 11 वर्षीय बालक का था, जिसके अग्न्याशय (pancreas) के सिर में दुर्लभ एसपीईएन ट्यूमर पाया गया। इस ट्यूमर के कारण बालक को पीलिया, बुखार और बार-बार संक्रमण की समस्या हो रही थी। लगभग आठ घंटे तक चली जटिल व्हिपल सर्जरी के माध्यम से ट्यूमर को पूरी तरह हटाया गया।
दोनों सर्जरियों का नेतृत्वSGPGI विभागाध्यक्ष professor बसंत कुमार ने किया। सर्जिकल टीम में डॉ. तरुण कुमार, डॉ. शुचि और डॉ. आनंद शामिल रहे, जबकि लिवर ट्रांसप्लांट यूनिट तथा एनेस्थीसिया विभाग ने भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
प्रोफेसर बसंत कुमार ने कहा कि बच्चों में कैंसर के मामलों की समय रहते पहचान और विशेषज्ञ केंद्रों में उपचार से बेहतर परिणाम संभव हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों में पेट की गांठ, लगातार दर्द, पीलिया, बार-बार बुखार या वजन न बढ़ने जैसे लक्षणों को गंभीरता से लेने की अपील की।
संस्थान के निदेशक पद्मश्री प्रो. आर.के. धीमन के मार्गदर्शन में मिली यह सफलता SGPGI की उन्नत चिकित्सा सुविधाओं, विशेषज्ञ चिकित्सकों और बहु-विषयक उपचार प्रणाली की उत्कृष्टता को दर्शाती है। दोनों बच्चे अब स्वस्थ हैं और नियमित फॉलो-अप में अच्छा स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
Also Read: Lucknow: आशियाना में जल्द खुलेगा मैजिकल लैंड फैंटसी पार्क, नजर आएगी पंचतंत्र की दुनिया

