Lucknow: आशियाना में जल्द खुलेगा मैजिकल लैंड फैंटसी पार्क, नजर आएगी पंचतंत्र की दुनिया
Magical Land Fantasy Park Lucknow: लखनऊ के लोगों को जल्द ही एक नया और अनोखा मनोरंजन स्थल मिलने जा रहा है। आशियाना स्थित वनस्थली पार्क को मैजिकल लैंड फैंटसी पार्क के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां रोबोटिक ड्रैगन, यूनिकॉर्न, ऐरावत, साइक्लोप्स समेत कई काल्पनिक किरदार जीवंत रूप में नजर आएंगे। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) इस परियोजना को पीपीपी मॉडल पर विकसित कर रहा है और इसे सितंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।
12 करोड़ की लागत से बनेगा मैजिकल लैंड फैंटसी पार्क
वनस्थली पार्क में करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहे इस थीम पार्क में बच्चों और परिवारों के लिए कई आकर्षण तैयार किए जा रहे हैं। पार्क में जुरासिक पार्क की तर्ज पर रोबोटिक और इंटरैक्टिव मॉडल लगाए जाएंगे।

Magical Land Fantasy Park की खासियतें
- ड्रैगन, यूनिकॉर्न, साइक्लोप्स और ऐरावत के रोबोटिक मॉडल
- मरमेड, फीनिक्स, जिनी, ग्रिफिन, वेयर वूल्फ और मोगली के लाइव स्कल्पचर
- पंचतंत्र की कहानियों पर आधारित विशेष थीम जोन
- आकर्षक वॉटर बॉडी और फाउंटेन
- वॉच टॉवर और आधुनिक टॉयलेट ब्लॉक
एलडीए का कहना है कि यह पार्क राजधानी के प्रमुख फैमिली डेस्टिनेशन में शामिल होगा।
जोनल पार्क और शांति उपवन में भी बढ़ेंगी सुविधाएं
निरीक्षण के दौरान एलडीए उपाध्यक्ष ने ज्योतिबा फुले जोनल पार्क का भी जायजा लिया। यहां करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण और विकास कार्य अंतिम चरण में हैं। पार्क में बनाए गए एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) की टेस्टिंग कर जल्द संचालन शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा गौतम बुद्ध शांति उपवन के विभिन्न हिस्सों में ओपन जिम और बच्चों के झूले लगाने की योजना पर भी काम शुरू किया जाएगा।
शहीद पथ पर तेज हुए विकास कार्य

शहीद पथ पर सिंचाई और हॉर्टीकल्चर से जुड़े कार्य भी तेजी से कराए जा रहे हैं। परियोजना के तहत अंडरग्राउंड पाइपलाइन, ड्रिप लाइन, पॉप-अप स्प्रिंकलर और कई स्थानों पर बोरिंग का काम चल रहा है।
एलडीए उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए हैं कि सिंचाई से जुड़े सभी कार्य 30 जून तक और हॉर्टीकल्चर का काम 30 जुलाई तक पूरा कर लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तय समयसीमा में काम पूरा नहीं होने पर संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: लखनऊ में LDA की सरदार पटेल आवासीय योजना पर संकट, सिंचाई विभाग ने फ्लैटों को बताया अवैध

