अब सिर्फ 2 घंटे में दिल्ली से लखनऊ, 7 नए बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को मिली मंजूरी
India Bullet Train Project: भारत को अगले साल के मध्य तक अपनी पहली बुलेट ट्रेन मिलने की तैयारी तेज हो गई है। यह ट्रेन मुंबई से अहमदाबाद के बीच चलेगी, जिसका काम कई वर्षों से चल रहा है। इसी बीच केंद्र सरकार ने देश में 7 नए बुलेट ट्रेन हाई-स्पीड कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है, जिससे भारत की रेल यात्रा पूरी तरह बदलने वाली है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन कॉरिडोर को मंजूरी दी है, जिससे देश में तेज गति से आर्थिक विकास भी होगा।
नई योजना के तहत दिल्ली से वाराणसी हाई-स्पीड कॉरिडोर लगभग 812 किलोमीटर लंबा होगा। इस रूट पर बुलेट ट्रेन की अधिकतम स्पीड 350 किलोमीटर प्रति घंटे और ऑपरेशनल स्पीड 320 किलोमीटर प्रति घंटे होगी। इस रूट पर ट्रेन सिर्फ 3 घंटे 15 मिनट में दिल्ली से वाराणसी पहुंचा देगी। वहीं दिल्ली से लखनऊ की दूरी मात्र 2 घंटे में तय होगी।
इसके अलावा मुंबई से पुणे 48 मिनट, बेंगलुरु से चेन्नई 73 मिनट, बेंगलुरु से हैदराबाद 2 घंटे 10 मिनट और पुणे से हैदराबाद 2 घंटे 8 मिनट में यात्रा संभव होगी। दिल्ली से सिलिगुड़ी का सफर 6 घंटे में पूरा होगा।
कई शहरों को जोड़ने की योजना
दिल्ली-वाराणसी रूट पर दिल्ली, नोएडा, मथुरा, आगरा, लखनऊ, अयोध्या और वाराणसी जैसे शहरों में स्टेशन बनाने की योजना है। इससे आसपास के लोगों को भी फायदा मिलेगा। रेल मंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र में करीब 2 लाख करोड़ रुपये का निवेश हो रहा है, जिससे नए आर्थिक कॉरिडोर बनेंगे।
जापान की तकनीक से बन रहा देश का पहला बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना भारत की पहली हाई-स्पीड रेल योजना है, जो जापान की शिंकान्सेन तकनीक से बन रही है। इसकी आधारशिला 2017 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान के तत्कालीन प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने रखी थी।
पहला चरण 2027 तक शुरू होने की संभावना है, जबकि पूरी लाइन 2028-29 तक चालू हो सकती है। पूरी तरह शुरू होने पर मुंबई-अहमदाबाद यात्रा सिर्फ 2 से 3 घंटे में पूरी हो जाएगी।

