वाहन मालिक हो जाएं सावधान! इन गाड़ियों को जब्त कर कबाड़ बनाएगी सरकार
UP News: उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों और मौतों के मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा और सख्त फैसला लिया है। अब ऐसे वाहन, जो बार-बार दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं, उन्हें जब्त कर कंडम घोषित किया जाएगा। इसके बाद उन वाहनों को स्क्रैप कराना अनिवार्य होगा। शासन ने परिवहन अधिकारियों को तत्काल और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही ऐसे वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित या निरस्त किए जाएंगे और वाहन का रजिस्ट्रेशन भी रद्द कर दिया जाएगा।
बढ़ते हादसों ने बढ़ाई सरकार की चिंता
सरकारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में सड़क हादसों में 24,118 लोगों की मौत हुई थी। वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 27,205 पहुंच गई। वहीं जनवरी से मई 2026 के बीच 2,782 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि इसी अवधि में 2025 में 2,773 मौतें दर्ज की गई थीं। लगातार बढ़ते हादसों और मौतों को लेकर सरकार गंभीर है और सभी संबंधित विभागों को रोड सेफ्टी पर प्रभावी काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
हाल ही में हुई सड़क सुरक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौतों के आंकड़ों पर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि सड़क सुरक्षा से जुड़े विभाग अपने दायित्वों का सही ढंग से पालन नहीं कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जो वाहन और चालक बार-बार दुर्घटनाओं में शामिल पाए जाएं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मिले हैं विशेष अधिकार
मोटर व्हीकल्स अधिनियम 1988 की धारा 53 और 54 के तहत परिवहन अधिकारियों को बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले चालकों का लाइसेंस निलंबित या निरस्त करने का अधिकार है। वहीं धारा 55 के अनुसार यदि कोई वाहन कई दुर्घटनाओं में शामिल पाया जाता है और जान-माल के नुकसान का कारण बनता है, तो उसकी आरसी रद्द कर उसे कंडम घोषित किया जा सकता है। आरसी रद्द होने के बाद वाहन को स्क्रैप कराना जरूरी होगा। हालांकि अब तक लाइसेंस पर कार्रवाई तो हुई है, लेकिन आरसी रद्द करने की कार्रवाई बहुत कम देखने को मिली है।

