बैंक जाने से पहले पढ़ लें ये खबर! 3 दिन तक बंद रहेंगे बैंक, कामकाज होगा ठप
Bank Holiday: अगर आप बैंक में पैसे जमा करने, चेक क्लियर कराने, ड्राफ्ट बनवाने या कोई जरूरी काम करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। इस सप्ताह के अंत में कई राज्यों में बैंक लगातार तीन दिन तक बंद रह सकते हैं। ऐसे में ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे अपने जरूरी बैंकिंग काम समय रहते पूरा कर लें।
आरबीआई के अवकाश कैलेंडर के अनुसार 22 जून से 25 जून (गुरुवार) तक देशभर में सरकारी और निजी बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे। इन दिनों सभी बैंकिंग सेवाएं पहले की तरह नियमित रूप से चलेंगी और ग्राहकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
26 से 28 जून तक लगातार छुट्टियों की स्थिति
26 जून (शुक्रवार) को मुहर्रम के अवसर पर कई राज्यों और शहरों में बैंक बंद रहेंगे, हालांकि यह छुट्टी पूरे देश में लागू नहीं होगी। इसके बाद 27 जून (शनिवार) को महीने का चौथा शनिवार होने के कारण पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे। फिर 28 जून (रविवार) को साप्ताहिक अवकाश रहेगा। जिन राज्यों में 26 जून को छुट्टी लागू है, वहां ग्राहकों को लगातार तीन दिन बैंकिंग सेवाएं नहीं मिलेंगी।
जुलाई में भी अलग-अलग दिनों पर बैंक रहेंगे बंद
जुलाई में भी अलग-अलग राज्यों में कुल 6 दिन बैंक बंद रहेंगे। 6 जुलाई को आइजोल में MHIP डे के कारण बैंक बंद रहेंगे। 9 जुलाई को शिलांग में छुट्टी होगी। 16 जुलाई को भुवनेश्वर, देहरादून और इंफाल में रथ यात्रा, कांग और हरेला जैसे त्योहारों के कारण बैंक बंद रहेंगे। 17 जुलाई को शिलांग और 22 जुलाई को अगरतला में खर्ची पूजा के कारण बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। इसके अलावा दूसरे और चौथे शनिवार व सभी रविवार को देशभर में बैंक बंद रहेंगे।
बैंक बंद रहने के बावजूद ग्राहकों को घबराने की जरूरत नहीं है। नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई सेवाएं जैसे Google Pay, PhonePe और Paytm पूरी तरह चालू रहेंगी। एटीएम से पैसे निकालने और जमा करने की सुविधा भी सामान्य रूप से उपलब्ध रहेगी।

