राम मंदिर चंदा चोरी पर केजरीवाल का सवाल- चंपत राय को कौन बचा रहा है
Arvind Kejriwal Ram Mandir Donation: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राम मंदिर में कथित चंदे की चोरी को लेकर सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। मंगलवार को जारी एक वीडियो संदेश में उन्होंने पूछा कि आखिर चंपत राय को कौन और क्यों बचा रहा है। केजरीवाल ने दावा किया कि राम मंदिर में करोड़ों रुपये के चढ़ावे में गड़बड़ी हुई है और करीब 200 करोड़ रुपये नकद के साथ कई हीरे-जवाहरात के बक्से भी चोरी होने की बातें सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले से राम भक्तों और सनातन धर्म को मानने वाले लोगों में नाराजगी और दुख है।
आरोपों के बावजूद चंपत राय को हटाया क्यों नहीं गया
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राम मंदिर का संचालन एक ट्रस्ट करता है, जिसका गठन प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से किया गया था। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के हाथ में मंदिर का पूरा प्रबंधन है और सबसे ज्यादा आरोप भी उन्हीं पर लगाए जा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें पद से नहीं हटाया गया। केजरीवाल ने सवाल किया कि क्या उन्हें सबूत मिटाने या गवाहों को प्रभावित करने के लिए समय दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी पूछा कि चंपत राय आखिर कौन हैं और उन्हें संरक्षण कौन दे रहा है।
अयोध्या जाने का ऐलान, आगे पूछेंगे 5 सवाल
केजरीवाल पहले ही शुक्रवार को अयोध्या जाने का ऐलान कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर लोगों के मन में कई सवाल हैं और वह सरकार से कुल पांच सवाल पूछेंगे। मंगलवार को उन्होंने पहला सवाल रखा है, जबकि बाकी सवाल अगले कुछ दिनों में सामने रखेंगे। वीडियो संदेश के साथ उन्होंने यह भी कहा कि यदि चंपत राय ने मुंह खोला तो क्या कई बड़े चेहरे बेनकाब हो सकते हैं। इसी वजह से उन्हें हटाया नहीं जा रहा है, यह सवाल अब जनता के बीच चर्चा का विषय बन गया है।

