Bulandshahr News: शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद, फिर दोस्त के सिर में मारी गोली, चली गई जान

Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के जहांगीराबाद क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां रविवार देर रात शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामूली कहासुनी ने इतना बड़ा रूप ले लिया कि दोस्त ने ही अपने साथी को मौत के घाट उतार दिया।

मृतक की पहचान 26 वर्षीय मनीष सैनी के रूप में हुई है, जो मोहल्ला आहनग्रान का रहने वाला था। वह अपने साथी शिवम सैनी और अन्य दोस्तों के साथ भैय्यापुर रोड पर शराब पार्टी में शामिल था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में आकर शिवम ने मनीष के सिर में गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिवार ने सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन

सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुंचा तो परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। मृतक की पत्नी आंचल सैनी और अन्य परिजनों ने आरोपी के एनकाउंटर, उसके मकान पर बुलडोजर कार्रवाई और पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग की। इसके बाद उन्होंने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी

मृतक और आरोपी एक ही खानदान से बताए जा रहे हैं और उनके घर भी पास-पास हैं। सूचना पर सीओ अनूपशहर शशांक श्रीवास्तव और कोतवाली प्रभारी सुदेश कुमार मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाया।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि मौके से 315 बोर का खोखा बरामद हुआ है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई हैं।

Also Read : Sambhal News: संपत्ति के लिए चाचा ने की भतीजे की हत्या, सुसाइड दिखाने को फंदे से लटकाया शव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.