छापेमारी में टीएमसी नेता के करीबी के घर से 3 किलो सोना बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल में सरकार बदलने के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेताओं पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है। जबरन वसूली के मामले में गिरफ्तार TMC नेता और पूर्व मेयर सब्यसाची दत्ता की करीबी टीना भौमिक साहा के घर से 3 किलोग्राम सोना बरामद हुआ है, जिसकी कीमत करीब 4 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

सब्यसाची की निशानदेही पर हुई कार्रवाई

सब्यसाची दत्ता को जबरन वसूली (तोलाबाजी) के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस पूछताछ के दौरान उन्होंने नादिया जिला परिषद की सदस्य टीना भौमिक साहा का नाम लिया। इसके बाद बिधाननगर उत्तर थाने की पुलिस ने सोमवार-मंगलवार की रात नादिया जिले के तेहट्टा स्थित टीना के घर और उनके पिता के घर पर छापा मारा। यह छापेमारी रात करीब 2 बजे शुरू होकर सुबह 5 बजे तक चली। इस दौरान पुलिस को 3 किलो सोना और कई जमीन संबंधी दस्तावेज मिले। छापेमारी के समय टीना और उनके पिता घर पर मौजूद नहीं थे।

पुलिस जांच में कई सवाल

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह सोना टीना की निजी संपत्ति है या सब्यसाची की काली कमाई से खरीदा गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि टीना के पिता नाजीरपुर बाजार में कपड़े की छोटी दुकान चलाते हैं, ऐसे में इतनी बड़ी मात्रा में सोना होना संदिग्ध है। गौरतलब है कि इससे पहले सब्यसाची दत्ता के फ्लैट और बैंक लॉकर से साढ़े तीन किलो सोना मिला था और उनके घर से 50 किलो सोना खरीदने की रसीद भी मिली थी।

टीना भौमिक साहा ने राजनीतिक साजिश का आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीतिक संबंधों के अलावा उनका सब्यसाची से कोई और रिश्ता नहीं है। उन्होंने दावा किया कि परिवार की सात महिलाओं के गहने जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस ने उन्हें बिधाननगर पुलिस स्टेशन में पेश होने का नोटिस भेजा है। इस मामले में सब्यसाची के कई अन्य करीबियों की भी मुश्किलें बढ़ सकती हैं और पुलिस संभावित अन्य गिरफ्तारियों के लिए तैयार है।

Also Read: Bulandshahr News: शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद, फिर दोस्त के सिर में मारी गोली, चली गई जान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.