आजम खान पर आयकर की सख्ती, ट्रस्ट के खातों-संपत्तियों की हो रही गहन जांच
Azam Khan News: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से जुड़े मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट पर आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ट्रस्ट के बैंक खातों, संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन की गहराई से जांच कर रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रस्ट की घोषित आय और बैंक खातों में जमा रकम के बीच करीब 59.25 करोड़ रुपये का बड़ा अंतर पाया गया है। इस मामले में आजम खान को कई गंभीर बिंदुओं पर नोटिस भी जारी किया गया है।
132 करोड़ के फंड हेरफेर का शक
आयकर विभाग की जांच के अनुसार, असेसमेंट वर्ष 2020-21 से 2023-24 के बीच ट्रस्ट की घोषित आय और बैंक में जमा राशि में भारी अंतर है। इन चार वर्षों में अलग-अलग सालों में करोड़ों रुपये की विसंगति सामने आई है।
विभाग का कहना है कि इस पूरे अंतर के साथ-साथ अन्य वित्तीय मामलों को जोड़कर कुल 132 करोड़ रुपये से अधिक के फंड हेरफेर की जांच की जा रही है। इसमें सरकारी नुकसान, भवन निवेश और टेंडर फंड डायवर्जन भी शामिल हैं।
सरकारी जमीन लीज और टेंडर में गड़बड़ी के आरोप
जांच में यह भी सामने आया है कि ट्रस्ट को एक बेशकीमती सरकारी जमीन बेहद कम कीमत पर लीज पर दी गई, जिससे सरकार को लगभग 20.44 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। इसके अलावा 6.14 करोड़ रुपये के टेंडर फंड को ट्रस्ट खातों में डायवर्ट करने का भी आरोप है।
ट्रस्ट की संपत्तियों में दर्ज निर्माण और भवनों का मूल्य लगभग 46 करोड़ रुपये बताया गया है। आयकर विभाग इन सभी पहलुओं को जोड़कर अंतिम असेसमेंट तैयार कर रहा है, जिसके बाद भारी टैक्स और पेनाल्टी लगाई जा सकती है।
इसी बीच आजम खान से जुड़े दो मामलों में अदालत में भी सुनवाई चल रही है। एमपी-एमएलए सेशन कोर्ट ने लोअर कोर्ट के फैसलों को चुनौती देने वाली अपीलों पर सुनवाई शुरू कर दी है और रिकॉर्ड तलब किए हैं।
अगली सुनवाई 1 जुलाई को होगी। पहले दर्ज एक मामले में उन पर इंटरव्यू के दौरान विवादित बयान देने का आरोप भी रहा है, जिसे लेकर कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

