Varanasi News: गंगा के बीच BJP पार्षद की नाव पर चिकन-शराब पार्टी का वीडियो वायरल, 5 गिरफ्तार
Varanasi News: वाराणसी में गंगा नदी को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया है। दशाश्वमेध घाट के पास एक नाव पर कथित तौर पर चिकन पकाने और शराब पार्टी करने का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। लगभग 1 मिनट 15 सेकंड के इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर तेजी से सुर्खियां बटोरीं। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नाव को सीज कर दिया और उसमें मौजूद सभी पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
BJP पार्षद से जुड़ा नाम, जांच में पुलिस की कार्रवाई तेज
वायरल संदेशों में दावा किया गया कि यह नाव बीजेपी के मनोनीत पार्षद और मंडल उपाध्यक्ष सत्यनारायण साहनी उर्फ तन्ना से जुड़ी है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया कि वीडियो में पार्षद खुद दिखाई नहीं दे रहे हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों में दीपक कुमार, अजय साहनी, अरुण कुमार साहनी, अनुराग निषाद और राहुल साहनी शामिल हैं, जिनकी उम्र 25 से 32 वर्ष के बीच है।
पुलिस का बयान, नाव सीज और कानूनी कार्रवाई जारी
एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि वीडियो पुराना प्रतीत हो रहा है, लेकिन इसमें दिख रहे सभी लोगों पर केस दर्ज कर गिरफ्तारी की गई है। नाव को भी सीज कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी कृत्य पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले भी रमजान के दौरान गंगा में नाव पर बिरयानी पार्टी का वीडियो सामने आया था, जिसमें पुलिस ने कार्रवाई की थी। अब यह नया मामला फिर से घाटों की सुरक्षा और नियमों पर सवाल खड़े कर रहा है।

