एक तस्वीर, जान से मारने की धमकी और फिर लाखों की लूट, Kanpur में ठगों का नया खेल
Kanpur Crime News: उत्तर प्रदेश के कानपुर से अपराध का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस के साथ-साथ आम लोगों को भी हैरान कर दिया है। बदमाशों ने एक महिला को उसके पति और बेटे की तस्वीर दिखाकर यह विश्वास दिलाया कि दोनों उनके कब्जे में हैं। इसके बाद डर और दहशत का फायदा उठाकर पहले उसका मंगलसूत्र और नकदी लूट ली, फिर उसे घर ले जाकर लाखों रुपये के जेवरात भी हड़प लिए।
गुजैनी थाना क्षेत्र के रविदासपुरम निवासी बिंदन देवी रविवार शाम अपनी ननद के घर से लौट रही थीं। रात करीब नौ बजे गोविंद स्वीट हाउस के पास बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया।
एक युवक ने मोबाइल फोन में उनके पति और बेटे की तस्वीर दिखाते हुए दावा किया कि दोनों उनके कब्जे में हैं। बदमाशों ने धमकी दी कि अगर उन्होंने विरोध किया तो दोनों की हत्या कर दी जाएगी। डर के कारण महिला ने अपना मंगलसूत्र और 600 रुपये उन्हें सौंप दिए।
चाकू की नोक पर घर तक ले गए बदमाश
लूटपाट के बाद भी बदमाश नहीं रुके। उन्होंने चाकू दिखाकर महिला को जबरन बाइक पर बैठाया और उसके घर के पास ले गए। वहां उन्होंने महिला से कहा कि घर में रखे सारे जेवर लेकर बाहर आए, नहीं तो उसके पति और बेटे को मार दिया जाएगा।
जब महिला घर पहुंची और उसे पति दिखाई नहीं दिए तो उसका डर और बढ़ गया। उसे लगा कि बदमाश सच कह रहे हैं। इसी घबराहट में उसने घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात निकालकर उन्हें दे दिए।
पति घर लौटा तो खुला पूरा राज
कुछ देर बाद जब पति सुरेश कुमार और बच्चे घर लौटे तो महिला ने पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पीड़िता का कहना है कि सबसे ज्यादा हैरानी इस बात की है कि बदमाशों के पास उसके पति और बेटे की तस्वीरें आखिर पहुंचीं कैसे।
पुलिस को करीबी लोगों पर भी शक
kanpur के इस वारदात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाशों के पास परिवार की तस्वीरें होना इस ओर इशारा करता है कि आरोपी महिला या उसके परिवार के बारे में पहले से जानकारी रखते थे।
पुलिस अब CCTV फुटेज खंगाल रही है और इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं वारदात को अंजाम देने वाले लोग परिवार के परिचित या आसपास के जानकार तो नहीं हैं।
गुजैनी थाना प्रभारी राजन शर्मा के मुताबिक मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
Also Read: चंदौली में STF की बड़ी कामयाबी, ट्रक से मिला 505 किलो गांजा, दो सगे भाई गिरफ्तार

