Bareilly News: नागा बाबा की कुटिया में चोरी करने वाले 3 शातिर चोर गिरफ्तार

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की बहेड़ी थाना पुलिस ने एक मंदिर के पुजारी (नागा बाबा) की कुटिया में हुई चोरी की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बहेड़ी के रामलीला मेला मैदान से घेराबंदी कर इन आरोपियों को दबोचा। इनके कब्जे से चोरी की गई रकम में से ₹22,000 की नकदी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।

जनकपुरी मंदिर (पुराने तहसील आवास), थाना बहेड़ी के निवासी नागा बाबा मलखान गिरि (चेला श्री धर्म गिरी) की कुटिया से अज्ञात चोरों ने करीब 80 से 90 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली थी। बाबा मलखान गिरि की तहरीर पर बहेड़ी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।

बहेड़ी थाने के प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में उप-निरीक्षक नीरज कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल विकास कुमार, राजीव कुमार और रिक्रूट आरक्षी अर्जुन कुमार, मनीष शर्मा व सूरज की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान सटीक सूचना के आधार पर रामलीला मेला मैदान से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

पकड़े गए चोरों की पहचान सोनू (28 वर्ष), फूल सिंह (22 वर्ष) और मोहित (20 वर्ष) के रूप में हुई है। ये तीनों बहेड़ी कस्बे के मोहल्ला लोधीपुर के रहने वाले हैं। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा, साहब, हमसे गलती हो गई। हमने बाबा की कुटिया से पैसे चोरी किए थे, जिसमें से हमें 40 हजार रुपये मिले थे। उन पैसों को हमने आपस में बराबर बांट लिया था, जिसमें से बाकी पैसे खर्च हो गए और बचे हुए 22,000 रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए हैं।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: खेत में गई 14 साल की किशोरी अचानक हुई लापता, पुलिस तलाश में जुटी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.