मंगेतर केतन की हत्या से पहले कैफे में मिले थे सिया और चेतन, CCTV में साजिश रचते आ रहे नजर

Sandesh Wahak Digital Desk: पुणे के बहुचर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में एक चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। वारदात को अंजाम देने से ठीक पहले मुख्य आरोपी सिया गोयल ने अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ एक कैफे में गुप्त मुलाकात की थी। पुलिस को इस मुलाकात का एक सीसीटीवी फुटेज हाथ लगा है, जिसमें दोनों बेहद करीब बैठकर हाथ थामे मर्डर का ब्लूप्रिंट तैयार करते नजर आ रहे हैं। जांच एजेंसियों का दावा है कि इसी कैफे में केतन को रास्ते से हटाने की आखिरी रणनीति बनाई गई थी।

इस खौफनाक साजिश को अमलीजामा पहनाने के लिए आरोपियों ने लोहगढ़ किले के ट्रैकिंग रूट को चुना। कई नाकाम कोशिशों के बाद आखिरकार ट्रेकिंग के दौरान केतन को मौत के घाट उतार दिया गया। फिलहाल, पुलिस इस मामले में चेतन के दोस्त नीरज से भी कड़ाई से पूछताछ कर रही है। नीरज की भूमिका पर इसलिए संदेह है क्योंकि वारदात के दिन शातिर चेतन ने अपनी लोकेशन छिपाने के लिए खुद का मोबाइल घर छोड़ दिया था और नीरज के फोन से सिया के संपर्क में था। पुलिस यह पता लगा रही है कि नीरज भी इस साजिश का हिस्सा था या उसका सिर्फ इस्तेमाल किया गया।

सांप ने बिगाड़ा था पहला प्लान, तीसरी बार में मिली सफलता

पुलिस की तफ्तीश में सामने आया है कि सिया अपने मंगेतर केतन को रास्ते से हटाने के लिए पहले भी दो बार जानलेवा कोशिश कर चुकी थी। केतन को ट्रैकिंग का शौक था, इसीलिए लोहगढ़ पहाड़ी को क्राइम स्पॉट के रूप में चुना गया।

31 मई: मर्डर की पहली प्लानिंग तैयार की गई।

14 जून: पहली कोशिश की गई, लेकिन ऐन वक्त पर सांप आ जाने के कारण प्लान फेल हो गया।

18 जून: दूसरी कोशिश में केतन को पहाड़ी से धक्का दिया गया, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल होने से बच गया। उसने इसे सिया की लापरवाही समझकर नजरअंदाज कर दिया।

20 जून: तीसरी कोशिश में आरोपियों ने केतन को गहरी खाई में धकेल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

दिवाली पार्टी का इश्क और खूनी अंजाम

सिया और चेतन की मुलाकात पिछले साल दिवाली की एक पार्टी में हुई थी, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। इस बीच सिया की शादी केतन से तय हो गई, जिससे वह खुश नहीं थी और लगातार शादी टालने के बहाने ढूंढ रही थी। पुलिस का मानना है कि शादी के इसी दबाव और अवैध संबंधों के चलते सिया ने प्रेमी के साथ मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब डिजिटल सबूतों, कॉल रिकॉर्ड्स और नीरज के बयानों के जरिए इस सुनियोजित मर्डर मिस्ट्री की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है।

Also Read: Bareilly News: नागा बाबा की कुटिया में चोरी करने वाले 3 शातिर चोर गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.