सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह की तैयारियों को कुलपति ने परखा

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में आगामी 29 जून को होने वाले 10वें दीक्षांत समारोह की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को कुलपति प्रोफेसर कविता शाह की अध्यक्षता में एक हाई-लेवल समीक्षा बैठक बुलाई गई। इस बैठक में कार्यक्रम के लिए गठित विभिन्न समितियों के संयोजकों और सदस्यों के साथ हर एक पहलू की बारीकी से समीक्षा की गई और जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बारिश की आशंका के चलते बदला गया वेन्यू

कुलपति प्रो. कविता शाह ने एक बड़ा फैसला लेते हुए बताया कि इस समय मौसम के मिजाज और भारी बारिश की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल में बदलाव किया गया है। हमेशा की तरह खुले मैदान में वाटरप्रूफ पंडाल लगाने के बजाय, इस बार पूरा समारोह विश्वविद्यालय परिसर के भीतर स्थित गौतम बुद्ध प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम) में संपन्न होगा। उन्होंने सभी कमेटियों को आपसी तालमेल बिठाकर कार्यक्रम को गरिमापूर्ण और ऐतिहासिक बनाने के निर्देश दिए।

दीक्षांत समारोह कोई महज कागजी या औपचारिक कार्यक्रम नहीं है। यह हमारे छात्र-छात्राओं की कड़ी मेहनत, उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों और विश्वविद्यालय की अकादमिक साख को प्रदर्शित करने वाला एक महा-उत्सव है। इसलिए इसकी भव्यता और व्यवस्था में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। -प्रो. कविता शाह, कुलपति

सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह की तैयारियों को कुलपति ने परखा

एनसीसी कैडेट्स और शोधार्थियों को मिली बड़ी जिम्मेदारी

इस बार के दीक्षांत समारोह को सुव्यवस्थित ढंग से चलाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्र-शक्ति पर भरोसा जताया है। कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने के लिए एनसीसी (NCC) स्वयंसेवकों को तैनात किया जाएगा। सीनियर रिसर्च स्कॉलर्स (शोधार्थियों) और होनहार विद्यार्थियों को अलग-अलग टीमों में अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में मुख्य रूप से कुलसचिव डॉ. अश्वनी कुमार सहित विभिन्न संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष, कमेटियों के अध्यक्ष, प्रोफेसर और प्रशासनिक कर्मचारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: ‘पठानों से कहना चौहान आ रहा है’… दमदार अवतार में लौटे अजय देवगन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.