सस्पेंडेड तहसीलदार पर ACB का शिकंजा, 5 करोड़ रुपये की काली कमाई उजागर
Sandesh Wahak Digital Desk: तेलंगाना भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने शमीरपेट की निलंबित तहसीलदार और जॉइंट सब-रजिस्ट्रार थुम्माकोम्मा सुचरिता के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का एक नया और गंभीर मामला दर्ज किया है। एसीबी की जांच में सामने आया है कि सुचरिता ने अपने सेवाकाल के दौरान भ्रष्ट और अवैध हथकंडे अपनाकर बड़े पैमाने पर बेनामी संपत्ति अर्जित की। इस सिलसिले में कार्रवाई करते हुए एसीबी की टीमों ने आरोपी अधिकारी के आवास सहित उनके रिश्तेदारों और करीबियों से जुड़े तीन अन्य ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की।
हीरे-सोने के जेवरात और नकदी बरामद
एसीबी की ओर से दी गई आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, तलाशी अभियान के दौरान जो संपत्तियां और दस्तावेज हाथ लगे हैं, वे चौंकाने वाले हैं। सरकारी दस्तावेजों के मूल्य के अनुसार इस अचल और चल संपत्ति की कुल कीमत 5.05 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। बरामद संपत्तियों का विवरण इस प्रकार है।
अचल संपत्ति: सिद्दिपेट जिले के डामराकुंटा गांव में 2 एकड़ 17 गुंटा कृषि भूमि, हैदराबाद के प्राइम लोकेशनों पर 3 आलीशान फ्लैट और कीसारा व खानामेट गांवों में 2 महंगे कमर्शियल/आवासीय प्लॉट।
नकदी और बैंक बैलेंस: छापे में करीब 12 लाख रुपये की हार्ड कैश और विभिन्न बैंक खातों में 38 लाख रुपये का बैलेंस मिला है।
लक्जरी गाड़ियां और ज्वैलरी: घर से दो लग्जरी कारें और लगभग 1.20 करोड़ रुपये मूल्य के सोने और हीरे के चमचमाते आभूषण बरामद किए गए हैं।
एसीबी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तलाशी में 12 एकड़ अतिरिक्त कृषि भूमि के गुप्त दस्तावेज भी मिले हैं, जिनकी गहनता से पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि यदि कागजी मूल्य के बजाय इन सभी संपत्तियों की मौजूदा मार्केट वैल्यू (बाजार कीमत) निकाली जाए, तो यह आसानी से 20 करोड़ रुपये से ऊपर पहुंचेगी।
30 लाख रुपये की घूसखोरी में पहले ही जा चुकी हैं जेल
गौरतलब है कि सुचरिता की छवि पहले से ही दागी रही है। इससे पहले 26 मई को उन्हें एक जमीन से जुड़े सरकारी काम के बदले एक फरियादी से 30 लाख रुपये की रिश्वत मांगने और एडवांस के तौर पर 2 लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था। इस मामले के बाद सरकार ने 24 जून को उन्हें सेवा से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया था। सुचरिता वर्तमान में न्यायिक हिरासत के तहत जेल की सलाखों के पीछे हैं।
Also Read: सर्जरी में डॉक्टर ने काटी गलत नस, पूछने पर कहा- ‘अल्लाह की मर्जी’, महिला का दावा

