2027 चुनाव से पहले कांग्रेस का दांव, अविनाश पांडे हटे, राजेंद्र पाल गौतम बने UP प्रभारी

UP Congress News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए प्रदेश की सियासत में नया संदेश देने की कोशिश की है। पार्टी हाईकमान ने अविनाश पांडे की जगह वरिष्ठ दलित नेता और पूर्व दिल्ली मंत्री राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश कांग्रेस का नया प्रभारी (In-Charge) नियुक्त किया है। इसे कांग्रेस की दलित और पिछड़ा वोट बैंक को साधने की रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

राजेंद्र पाल गौतम फिलहाल AICC के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। इससे पहले वे दिल्ली की AAP सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। सामाजिक न्याय और अंबेडकरवादी राजनीति के मजबूत चेहरे के रूप में पहचान रखने वाले गौतम को कांग्रेस नेतृत्व ने पहले राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी दी और अब उत्तर प्रदेश जैसे सबसे अहम राजनीतिक राज्य की कमान सौंप दी है।

2027 चुनाव से पहले कांग्रेस का दांव, अविनाश पांडे हटे, राजेंद्र पाल गौतम बने UP प्रभारी

मायावती से मुलाकात के बाद बढ़ी थीं चर्चाएं

हाल ही में राजेंद्र पाल गौतम की बसपा प्रमुख मायावती से लखनऊ स्थित आवास पर हुई मुलाकात ने यूपी की राजनीति में कई तरह की अटकलों को जन्म दिया था। इस मुलाकात के बाद संभावित नए राजनीतिक समीकरणों और विपक्षी रणनीति को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था। अब उन्हें यूपी कांग्रेस का प्रभारी बनाए जाने से उन चर्चाओं को और बल मिला है।

नए प्रभारी के तौर पर राजेंद्र पाल गौतम के सामने सबसे बड़ी चुनौती उत्तर प्रदेश में कांग्रेस संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की राजनीतिक जमीन तैयार करना होगी। इसके साथ ही समाजवादी पार्टी के साथ संभावित तालमेल और विपक्षी रणनीति को धार देने की जिम्मेदारी भी उनके कंधों पर रहेगी।

दलित वोट बैंक पर कांग्रेस की नजर

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि UP Congress News का यह फैसला केवल संगठनात्मक बदलाव नहीं, बल्कि 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए दलित, पिछड़े और सामाजिक न्याय की राजनीति को नया संदेश देने की कोशिश है। ऐसे समय में जब सभी दल अपने-अपने सामाजिक समीकरण मजबूत करने में जुटे हैं, कांग्रेस ने भी उत्तर प्रदेश में बड़ा राजनीतिक दांव चल दिया है।

Also Read: यूपी में 30 पीपीएस अफसरों का आईपीएस बनने का रास्ता साफ, प्रमोशन को मिली हरी झंडी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.