Pilibhit में पुलिस का बड़ा एनकाउंटर, 1 लाख का इनामी सरबजीत पुलिस मुठभेड़ में हुआ ढेर

Pilibhit Encounter News: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में चर्चित पप्पू गुप्ता हत्याकांड के मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी शूटर सरबजीत सिंह को पुलिस ने शनिवार देर रात मुठभेड़ में मार गिराया। बिलसंडा थाना क्षेत्र के शीतलपुर गांव के पास हुई इस कार्रवाई में एक थानाध्यक्ष की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी, जबकि एसओजी के एक दरोगा और एक सिपाही भी घायल हो गए। घायल सरबजीत को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस को देर रात सूचना मिली थी कि लखीमपुर खीरी के उचौलिया थाना क्षेत्र का रहने वाला और लंबे समय से फरार चल रहा सरबजीत सिंह अपने एक साथी के साथ शीतलपुर गांव के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही बिलसंडा थाना पुलिस और एसओजी टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी।

पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सरबजीत सिंह के सीने में गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी घायल

इस मुठभेड़ (Pilibhit Encounter) के दौरान बिलसंडा थानाध्यक्ष जगदीप मलिक की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली धंस गई, जिससे उनकी जान बच गई। वहीं एसओजी के एक दरोगा और एक सिपाही गोली लगने से घायल हो गए। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है। मौके से पुलिस ने हथियार, कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। फरार दूसरे आरोपी की तलाश में इलाके में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

28 मई को दिनदहाड़े हुई थी व्यापारी की हत्या

यह मामला 28 मई का है, जब बिलसंडा कस्बे में व्यापारी पंकज कटियार को धमकाने के लिए बुलाए गए शूटरों ने बीच-बचाव करने पहुंचे व्यापारी पप्पू गुप्ता पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थीं। गंभीर रूप से घायल पप्पू गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी और व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया था।

घटना थाने से कुछ ही दूरी पर हुई थी, जिसके बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे। मामले में तत्कालीन चौकी प्रभारी और दो सिपाहियों को निलंबित किया गया था, जबकि तत्कालीन बिलसंडा थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया था। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई थीं।

अब तक 8 आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल

पुलिस इस हत्याकांड में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जांच में सामने आया कि पूरी वारदात पहले से रची गई साजिश का हिस्सा थी और इसके लिए बाहर से शूटर बुलाए गए थे। मुख्य शूटर सरबजीत सिंह लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बच रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। अब उसके एनकाउंटर के बाद पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Also Read: Bulandshahr News: बुलंदशहर में पुलिस के सामने फिल्मी स्टाइल फायरिंग, युवक के सिर में लगी गोली

Get real time updates directly on you device, subscribe now.