‘एनर्जी ड्रिंक’ पर FSSAI का बड़ा एक्शन! Red Bull, Sting, Campa समेत कई बड़े ब्रांडों को नोटिस

FSSAI Issue Notice to Energy Drink Brands: देश में बिक रहे मशहूर ‘एनर्जी ड्रिंक’ ब्रांड अब जांच के दायरे में आ गए हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने Red Bull, Sting, Campa, Monster, Hell Energy और PepsiCo समेत कई कंपनियों को नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई प्रोडक्ट पर ‘एनर्जी ड्रिंक’ शब्द के इस्तेमाल और उससे जुड़े स्वास्थ्य संबंधी दावों को लेकर की गई है।

FSSAI का कहना है कि Food Safety and Standards Act, 2006 और मौजूदा खाद्य सुरक्षा नियमों में ‘एनर्जी ड्रिंक’ नाम की कोई अलग श्रेणी या मानक तय नहीं किया गया है। ऐसे में कंपनियां इस शब्द का इस्तेमाल किस आधार पर कर रही हैं, इसे लेकर उनसे जवाब मांगा गया है।

इन दावों पर भी उठाए सवाल

रेगुलेटर ने उन प्रचार दावों पर भी आपत्ति जताई है, जिनमें प्रोडक्ट को एनर्जी बढ़ाने, फोकस बेहतर करने, दिमाग को एक्टिव रखने, शरीर में नई ऊर्जा भरने या कमजोरी दूर करने वाला बताया जाता है। FSSAI के मुताबिक, मौजूदा नियमों के तहत खाद्य उत्पादों के लिए ऐसे दावे मान्य नहीं हैं।

गुमराह करने वाली ब्रांडिंग पर सख्ती

FSSAI ने स्पष्ट किया कि कंपनियों को फूड लेबलिंग और ब्रांडिंग से जुड़े नियमों का पालन करना होगा। यह कार्रवाई भ्रामक प्रचार और गलत दावों पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे व्यापक अभियान का हिस्सा है।

इससे पहले भी प्राधिकरण कई फूड कंपनियों को लेबलिंग और प्रचार संबंधी नियमों के उल्लंघन पर नोटिस जारी कर चुका है। अब देखना होगा कि संबंधित कंपनियां FSSAI के नोटिस पर क्या जवाब देती हैं और अपने उत्पादों की ब्रांडिंग में क्या बदलाव करती हैं।

Also Read: निवेशकों के लिए बड़ी खबर, शराब बनाने वाली दिग्गज कंपनी लाने वाली है 6,600 करोड़ का IPO

Get real time updates directly on you device, subscribe now.