Agra: पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया शव, ऊपर से लगवा दी टाइल्स, 45 दिन बाद खुला पत्नी का खौफनाक राज

Agra Crime News: उत्तर प्रदेश के आगरा के सिकंदरा क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, एक महिला ने कथित तौर पर अपने पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफना दिया। इतना ही नहीं, किसी को शक न हो इसलिए बाथरूम में नई टाइल्स भी लगवा दीं। करीब 45 दिनों तक पति के लापता होने का नाटक चलता रहा, लेकिन पुलिस की एक नियमित जांच ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।

पुलिस के अनुसार, दहतोरा निवासी 40 वर्षीय सुरेंद्र शर्मा की शादी करीब 16 साल पहले रूबी से हुई थी। उनके दो बेटियां हैं। जांच में सामने आया कि वारदात वाली रात रूबी ने पहले दोनों बेटियों को रिश्तेदार के घर भेज दिया। इसके बाद उसने सुरेंद्र के लिए खीर बनाई, जिसमें कथित तौर पर भारी मात्रा में नींद की गोलियां मिला दीं।

खीर खाने के बाद सुरेंद्र बेहोश हो गया। आरोप है कि इसके बाद रूबी ने उसकी हत्या कर दी।

शव दफनाया, फिर ऊपर लगवा दीं नई टाइल्स

Agra पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने घर के बाथरूम में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया। वारदात छिपाने के लिए बाद में बाथरूम में नई टाइल्स भी लगवा दीं, ताकि किसी को वहां शव होने का शक न हो। इसके बाद वह सामान्य जीवन जीती रही और लोगों को यही बताती रही कि उसका पति कहीं चला गया है।

दरअसल, सुरेंद्र शर्मा के खिलाफ पहले से दर्ज एक ट्रक चोरी के मामले में पुलिस सत्यापन के लिए उनके घर पहुंची थी। पुलिस को देखकर रूबी घबरा गई और अपने जेठ को बुला लिया। भाई के अचानक गायब होने पर पहले से ही शक जता रहे जेठ ने पुलिस को पूरी बात बताई।

इसके बाद पुलिस ने महिला से पूछताछ की। अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में वह टूट गई और कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार कर ली।

बाथरूम की खुदाई में मिला शव

महिला की निशानदेही पर पुलिस ने बाथरूम की खुदाई करवाई, जहां से सुरेंद्र शर्मा का शव बरामद हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: सगा भाई दो सालों तक करता रहा नाबालिग से दरिंदगी, बहन ने खुद बनाई वीडियो, तब दर्ज हुआ मामला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.