Agra के हिस्ट्रीशीटर ‘कटप्पा’ की हत्या, तमंचे के साथ मिली धमकी के 8 दिन बाद हुआ मर्डर
Agra Crime News: आगरा के कुख्यात अपराधी रामरतन (Ramratan) उर्फ कटप्पा (Katappa) की मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई, जब वह कार से अपनी ससुराल में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या के पीछे ससुर और साढ़ू का हाथ होने का आरोप लगाया है।
परिवार का दावा है कि हत्या से आठ दिन पहले ही साढ़ू ने तमंचा लहराते हुए वीडियो बनाकर रामरतन को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।
शादी में जाते समय रास्ते में मारी गोली
मृतक के बड़े भाई धर्मवीर के मुताबिक, रविवार शाम रामरतन फतेहाबाद से मुरैना के अंबाह थाना क्षेत्र स्थित रामदासकापुरा बरेह गांव में अपने फूफा ससुर के बेटे की शादी में शामिल होने निकला था। रात करीब 10:30 बजे ससुराल से करीब आधा किलोमीटर पहले उसकी कार खड़ी मिली, जबकि शव उससे कुछ दूरी पर सड़क किनारे पड़ा था।
पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने रास्ते में रामरतन पर फायरिंग की। गोली उसकी जांघ में लगी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार ने ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप
परिजनों का आरोप है कि करीब एक महीने पहले रामरतन के साथ उसकी ससुराल में मारपीट हुई थी और उसी दौरान उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी। उनका कहना है कि आठ दिन पहले साढ़ू ने हथियार के साथ वीडियो बनाकर धमकी भी दी थी।
धर्मवीर ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते ससुर और साढ़ू ने हत्या कराई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि हमलावर रामरतन की दो सोने की अंगूठियां और करीब 30 हजार रुपये भी ले गए।
कई मामलों में दर्ज था नाम
रामरतन उर्फ कटप्पा फतेहाबाद क्षेत्र का कुख्यात अपराधी माना जाता था। उसके खिलाफ मारपीट और धमकी समेत करीब छह आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। पिछले साल भी उसके खिलाफ तीन मामले दर्ज हुए थे। पुलिस के अनुसार, वह कई बार पुलिस से भी विवाद कर चुका था।
अंबाह थाना पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Mathura News: अवैध गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार, दुकान में छिपा रखे थे तीन बोरे

