US ने लगातार छठी रात Iran पर बरसाई मिसाइलें, हवाई अड्डा-रेलवे स्टेशन और पुल हुआ ध्वस्त

US Iran War: अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य तनाव के बीच गुरुवार रात ईरान में कई जगहों पर बड़े हवाई हमले किए गए। ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, इन हमलों में दक्षिणी ईरान के एक हवाई अड्डे, बंदरगाह शहर बंदर अब्बास के रेलवे स्टेशन और होर्मुज जलडमरूमध्य के पास स्थित दो पुलों को निशाना बनाया गया। इन घटनाओं में कई लोगों के हताहत होने की भी खबर है।

हालांकि, इन हमलों को लेकर अमेरिकी प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वहीं, ईरान ने इसे अमेरिकी हमला बताते हुए अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करार दिया है।

एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पर हमले का दावा

ईरानी सरकारी टीवी चैनल आईआरआईबी के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी ईरान स्थित ईरानशहर हवाई अड्डे के आसपास देर रात तीन तेज धमाके सुनाई दिए। रिपोर्ट में दावा किया गया कि हवाई अड्डे पर कम से कम एक अमेरिकी गोला गिरा।

इसके कुछ देर बाद बंदर अब्बास रेलवे जंक्शन स्टेशन पर भी हमला होने की खबर सामने आई। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस हमले में दो ईरानी नागरिक घायल हुए हैं।

होर्मुज जलडमरूमध्य के पास पुल बने निशाना

ईरानी समाचार एजेंसी आईआरएनए के हवाले से जारी आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, होर्मोजगान प्रांत में होर्मुज जलडमरूमध्य के नजदीक स्थित दो पुलों पर भी हवाई हमले किए गए। इन हमलों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल बताए गए हैं।

ईरानी मीडिया ने इन घटनाओं को अमेरिका का हमला बताया है, लेकिन दूसरी ओर अमेरिकी सरकार की ओर से अभी तक किसी सैन्य कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

बढ़ते तनाव से वैश्विक चिंता

अमेरिका और ईरान के बीच लगातार बढ़ रहे तनाव (US Iran War) ने पूरे पश्चिम एशिया में सुरक्षा चिंताओं को और गहरा कर दिया है। होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम तेल निर्यात मार्गों में से एक माना जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि इस क्षेत्र में सैन्य टकराव और बढ़ता है, तो इसका असर वैश्विक तेल आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय बाजार पर भी पड़ सकता है।

हमलों के बाद ईरानी अधिकारियों ने इसकी कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया है। सेना और सिविल डिफेंस की टीमें प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

Also Read: दक्षिणी लेबनान से हटेगी इजरायली सेना, रोम वार्ता में पायलट प्रोजेक्ट पर बनी सहमति

Get real time updates directly on you device, subscribe now.