जंतर-मंतर लाठीचार्ज पर भड़के अजय राय, शिक्षा मंत्री को हटाने की दोहराई मांग

Ajay Rai: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने दिल्ली में जंतर-मंतर से संसद की ओर मार्च कर रहे छात्रों और युवाओं पर पुलिस द्वारा कथित लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस के इस्तेमाल की कड़ी निंदा की है। सोमवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों की आवाज को बल प्रयोग से दबाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

कई छात्र हुए घायल यह लोकतंत्र के लिए चिंता की बात

अजय राय ने आरोप लगाया कि भारी पुलिस बैरिकेडिंग के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र संसद भवन के करीब पहुंच गए, जिसके बाद उन पर बल प्रयोग किया गया। उनके अनुसार इस कार्रवाई में कई छात्र-छात्राएं घायल हुए और कई के सिर फट गए। उन्होंने कहा कि यह दृश्य अंग्रेजी शासनकाल की दमनात्मक कार्रवाई की याद दिलाता है और किसी लोकतांत्रिक सरकार के लिए उचित नहीं है।

पेपर लीक की निष्पक्ष जांच और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

कांग्रेस नेता ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के जरिए NEET समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के कथित पेपर लीक का मुद्दा लगातार उठा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि छात्रों और युवाओं का यह आंदोलन अब देशव्यापी रूप ले चुका है।

अजय राय ने NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कराने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग दोहराई। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 से विरोध की आवाजों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करना हर निर्वाचित सरकार की जिम्मेदारी है।

Also Read: ‘शिक्षा मंत्री का इस्तीफा तक नहीं ले सकते’, राहुल बोले- युवा-विरोधी प्रधानमंत्री हैं मोदी 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.