धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर AAP का हल्ला बोल, वांगचुक के समर्थन में पूरे UP में प्रदर्शन
AAP Protest against NEET: लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में सोमवार को आम आदमी पार्टी (AAP) ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के खिलाफ सख्त कानून और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कई जिलों में रैलियां निकालीं, नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा।
पार्टी के मुताबिक सुल्तानपुर, आजमगढ़, मेरठ, पीलीभीत, भदोही, गाजियाबाद, रामपुर सहित कई जिलों में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। राजधानी लखनऊ के स्वास्थ्य भवन चौराहे पर आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
लखनऊ में सरकार पर बोला हमला
लखनऊ में आयोजित प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित किया है, लेकिन केंद्र सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि भर्ती और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

प्रदर्शन (AAP Protest against NEET) के दौरान सोनम वांगचुक के समर्थन में भी नारे लगाए गए और सरकार से उनके आंदोलन पर संवाद शुरू करने की मांग की गई।
AAP ने उठाईं ये प्रमुख मांगें
ज्ञापन के जरिए आम आदमी पार्टी ने राष्ट्रपति से कई अहम मांगें कीं। इनमें शामिल हैं:
- शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा।
- पेपर लीक रोकने के लिए सख्त और प्रभावी कानून।
- सोनम वांगचुक और प्रदर्शनकारी युवाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार की उच्चस्तरीय जांच।
- प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और युवाओं के रोजगार की गारंटी।
- पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई।
सरकार पर संवाद से बचने का आरोप
पार्टी की लखनऊ जिलाध्यक्ष इरम रिजवी ने कहा कि लंबे समय से आंदोलन कर रहे छात्रों और सोनम वांगचुक से सरकार को बातचीत करनी चाहिए थी। उनका आरोप है कि छात्रों की समस्याओं का समाधान निकालने के बजाय उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।
वहीं, AAP पार्टी के निवर्तमान प्रदेश महासचिव दिनेश सिंह पटेल ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने सरकार से आंदोलनकारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और पेपर लीक मामलों में जवाबदेही तय करने की मांग की।
आंदोलन और तेज करने की चेतावनी
आम आदमी पार्टी ने कहा कि यदि छात्रों की मांगों पर जल्द फैसला नहीं लिया गया और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो AAP का NEET के खिलाफ Protest और व्यापक किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर वह लगातार आवाज उठाती रहेगी।
Also Read: ‘शिक्षा मंत्री का इस्तीफा तक नहीं ले सकते’, राहुल बोले- युवा-विरोधी प्रधानमंत्री हैं मोदी

