अभिजीत दीपके का ऐलान, बोले- अब नहीं करेंगे प्रदर्शन, वरना फिर छात्रों को पीटेगी पुलिस
Abhijeet Deepke: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने संसद मार्च को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उनका संगठन अब दोबारा संसद मार्च नहीं निकालेगा। दीपके का कहना है कि उन्हें डर है कि अगर फिर से प्रदर्शन किया गया तो दिल्ली पुलिस एक बार फिर छात्रों के साथ मारपीट करेगी। उन्होंने सोमवार को दिल्ली में हुए संसद मार्च के दौरान पुलिस की कार्रवाई को बर्बर और क्रूर बताया।
पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप, घायल छात्रा का भी किया जिक्र
अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग किया और प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ मारपीट की। उनका दावा है कि पुलिस कार्रवाई में 12 साल की लड़कियों तक के सिर फूट गए और यह कार्रवाई पुरुष पुलिसकर्मियों ने की। उन्होंने यह भी कहा कि लाठी लगने से एक छात्रा की गर्दन पर गंभीर चोट आई है और उसका इलाज आरएमएल अस्पताल में चल रहा है। दीपके ने कहा कि यदि छात्रा को कुछ भी होता है तो इसकी जिम्मेदारी पुलिस और सरकार की होगी।
पत्थरों से भरे ट्रकों पर उठाए सवाल
दीपके ने कहा कि यदि पुलिस प्रदर्शन रोकना चाहती थी तो लाठीचार्ज की जगह वॉटर कैनन का इस्तेमाल कर सकती थी। उनके मुताबिक प्रदर्शन में शामिल अधिकांश छात्र 17-18 साल के थे और पिछले एक महीने से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि हिंसा की शुरुआत पुलिस ने की, जिसके बाद भगदड़ मच गई।
दीपके ने विरोध स्थल के पास पत्थरों से भरे ट्रकों की मौजूदगी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि जब हर प्रदर्शनकारी की तलाशी ली जा रही थी और इलाके में कड़ी सुरक्षा थी, तब पत्थरों से भरे ट्रक वहां कैसे पहुंचे। उन्होंने इस पूरे मामले में दिल्ली पुलिस से जवाब मांगा। वहीं, सोमवार की झड़प में करीब 60-70 प्रदर्शनकारियों के घायल होने और प्रदर्शनकारियों की ओर से हुए पथराव में 100 से अधिक पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
Also Read: CJP के बाद अब किसानों का दिल्ली कूच, शंभू बॉर्डर सील, हाईवे बंद, भारी पुलिस बल तैनात

