सीवान छात्र आंदोलन में AK-47 से फायरिंग करने वाला जवान सस्पेंड, राहुल गांधी ने उठाए थे सवाल

Siwan AK47 Firing: बिहार बंद के दौरान सीवान जिले में छात्र आंदोलन के समय AK-47 से हवाई फायरिंग करने वाले पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई कर दी गई है। सीवान के पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि AK-47 से फायरिंग करने वाले पुलिसकर्मी अभिषेक पटेल को निलंबित कर दिया गया है। अभिषेक पटेल विशेष जांच दल (SIT) में तैनात हैं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसके बाद मामला राजनीतिक बहस का विषय बन गया।

वायरल वीडियो के बाद बढ़ा विवाद

वायरल वीडियो में छात्र प्रदर्शन करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान अभिषेक पटेल हाथ में AK-47 लेकर हवाई फायरिंग करते नजर आए। वीडियो में वह हथियार लेकर प्रदर्शनकारी छात्रों की ओर दौड़ते हुए भी दिखाई दिए। वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष ने सरकार और पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए।

राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि छात्रों के खिलाफ पूरा सिस्टम ही जानलेवा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया था कि बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर AK-47 से गोलियां चलाई गईं और सैकड़ों छात्रों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।

वहीं, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी घटना का वीडियो अपने एक्स हैंडल पर साझा किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सीवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सीधी फायरिंग की और AK-47 का इस्तेमाल किया। उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।

बीजेपी ने दावों को बताया था गलत

राहुल गांधी के आरोपों पर बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि पुलिस ने आंदोलनकारियों पर AK-47 का इस्तेमाल नहीं किया और राहुल गांधी गैर-जिम्मेदाराना तरीके से गलत जानकारी फैला रहे हैं। पात्रा ने उनसे देश से माफी मांगने की भी मांग की थी। अब इस मामले में फायरिंग करने वाले पुलिसकर्मी के निलंबन के बाद घटना ने नया मोड़ ले लिया है।

Also Read: शिक्षा के बाद अब पेट्रोल पर आंदोलन! 20% इथेनॉल के खिलाफ केजरीवाल का बड़ा ऐलान 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.