राजनीति में एंट्री करेंगे धनुष? समाज सेवा की अपील के बाद तेज हुई अटकलें, फैंस बोले- अब बारी आपकी
Entertainment News: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार धनुष के राजनीति में आने की चर्चाओं ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है।
हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान अभिनेता ने अपने प्रशंसकों से समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके राजनीति में कदम रखने को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
हालांकि, धनुष ने राजनीतिक पार्टी बनाने या चुनाव लड़ने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
रविवार को धनुष के फैंस ने एक ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया, जिसमें अभिनेता भी शामिल हुए।
इस दौरान उन्होंने अपने प्रशंसकों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी एकजुटता सिर्फ फिल्मों के जश्न तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि समाज की भलाई के लिए भी इसका इस्तेमाल होना चाहिए।
धनुष ने कहा, “इतने सारे लोगों का एक साथ होना बहुत बड़ी ताकत है। इस ताकत को एक उद्देश्य मिलना चाहिए। सिर्फ ऑडियो लॉन्च और फैन मीट तक सीमित रहने के बजाय हमें जरूरतमंद लोगों की मदद करनी चाहिए।
अपने आसपास रहने वाले परिवारों की जरूरतों को समझिए और जितना संभव हो उनकी सहायता कीजिए। मुझे आप सभी पर और अधिक गर्व महसूस होगा।”
वीडियो वायरल, शुरू हुई राजनीतिक एंट्री की चर्चा
धनुष का यह संबोधन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद कई यूजर्स ने कयास लगाने शुरू कर दिए कि अभिनेता भविष्य में राजनीति का रुख कर सकते हैं।
कुछ लोगों ने उनकी तुलना अभिनेता थलपति विजय से भी की, जिन्होंने हाल के वर्षों में सक्रिय राजनीति में कदम रखा है।
सोशल मीडिया पर आईं मिली-जुली प्रतिक्रियाएं
धनुष के वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ ने लिखा कि अब दक्षिण भारतीय फिल्म सितारों का राजनीति की ओर रुख बढ़ रहा है।
वहीं, कुछ यूजर्स ने कहा कि अगर धनुष राजनीति में आते हैं तो उनका स्वागत होगा और तमिलनाडु को नई सोच वाले नेतृत्व की जरूरत है। कुछ लोगों ने यह भी अनुमान लगाया कि वह भविष्य में अपनी राजनीतिक पार्टी शुरू कर सकते हैं।
आधिकारिक ऐलान का इंतजार
फिलहाल धनुष की ओर से राजनीति में प्रवेश को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में उनकी राजनीतिक पारी को लेकर लगाई जा रही अटकलों की पुष्टि नहीं की जा सकती।
हालांकि, समाज सेवा को लेकर दिया गया उनका संदेश चर्चा का विषय बना हुआ है और फैंस अब उनके अगले कदम का इंतजार कर रहे हैं।
Also Read: नेशनल अवॉर्ड के बाद यामी गौतम की झोली में बड़ी फिल्म, विद्या बालन को किया रिप्लेस!

