सिद्धार्थनगर में मिशन शक्ति का असर, काउंसलिंग के बाद 9 दंपतियों ने साथ रहने का लिया फैसला

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में महिला थाना की पहल से एक बार फिर कई परिवारों में खुशियां लौट आईं। रविवार को महिला थाना स्थित मिशन शक्ति केंद्र में पारिवारिक विवादों से जूझ रहे 9 दंपतियों की काउंसलिंग की गई। समझाइश और आपसी संवाद के बाद सभी दंपतियों ने अपने मतभेद भुलाकर साथ रहने का फैसला किया। इसके बाद उन्हें एक साथ विदा किया गया।

पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में चला काउंसलिंग अभियान

यह काउंसलिंग कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के नेतृत्व, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी विश्वजीत सौरयान के पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया। महिला थाना प्रभारी निरीक्षक भाग्यवती पाण्डेय और उनकी टीम ने सभी पक्षों से बातचीत कर विवादों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रयास किया।

तीन जिलों के परिवारों को मिला नया मौका

काउंसलिंग टीम में महिला मुख्य आरक्षी आशा, महिला आरक्षी प्रियंबदा सिंह, संगीता, शिखा खरवार, प्रगति और शिवानी सिंह ने अहम भूमिका निभाई। टीम के प्रयासों से सिद्धार्थनगर, बस्ती और गोंडा जिले के कुल 9 परिवारों के वैवाहिक विवादों का समाधान कराया गया। सभी दंपतियों ने आपसी सहमति से रिश्ते को एक और मौका देने का निर्णय लिया।

महिला थाना की इस पहल को परिवारों को टूटने से बचाने और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में बातचीत और काउंसलिंग के माध्यम से रिश्तों को बचाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।

Also Read: Siddharthnagar News: 74वीं अंतर्जनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता का समापन, सिद्धार्थनगर लगातार पांचवीं बार बना पुरुष वर्ग का चैंपियन 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.