Siddharthnagar News: 74वीं अंतर्जनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता का समापन, सिद्धार्थनगर लगातार पांचवीं बार बना पुरुष वर्ग का चैंपियन

महिला वर्ग में गोंडा ने जीता खिताब, विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रशस्ति-पत्र देकर किया गया सम्मानित

Siddharthnagar News: गोरखपुर जोन की 74वीं अंतरजनपदीय पुलिस हॉकी (महिला/पुरुष) प्रतियोगिता-2026 का रविवार को सिद्धार्थनगर में भव्य समापन हुआ।

समापन समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए।

साथ ही फाइनल मुकाबले में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में सिद्धार्थनगर और बस्ती की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद विजेता का फैसला पेनाल्टी स्ट्रोक से हुआ।

इसमें सिद्धार्थनगर पुलिस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बस्ती को 3-1 से हराकर लगातार पांचवीं बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

महिला वर्ग में गोंडा ने कुशीनगर को हराकर जीता खिताब

महिला वर्ग के फाइनल में गोंडा और कुशीनगर की टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। पेनाल्टी स्ट्रोक में गोंडा महिला पुलिस टीम ने कुशीनगर को 3-2 से मात देकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।

Siddharthnagar News

इन खिलाड़ियों को मिला व्यक्तिगत सम्मान

प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए सिद्धार्थनगर के मुख्य आरक्षी महेंद्रनाथ शर्मा और बस्ती के मुख्य आरक्षी साजिद को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया गया।

वहीं, सिद्धार्थनगर के आरक्षी अजीत यादव को पुरुष वर्ग का बेस्ट स्ट्राइकर और गोंडा की महिला कांस्टेबल नेहा सिंह को महिला वर्ग का बेस्ट स्ट्राइकर पुरस्कार प्रदान किया गया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

उन्होंने कहा कि खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा पुलिस बल की कार्य संस्कृति का अहम हिस्सा हैं।

उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।

रिपोर्ट- ज़ाकिर खान

Also Read: Siddharthnagar News: संत रविदास जयंती पर भाजपा का ‘समरसता संकल्प अभियान’ शुरू, 2027 मिशन के लिए कार्यकर्ताओं को किया सक्रिय

Get real time updates directly on you device, subscribe now.