लखनऊ में छात्रों का प्रदर्शन, डिंपल यादव-अखिलेश समेत विपक्षी नेताओं के खिलाफ नारेबाजी

Lucknow University Protest: लखनऊ विश्वविद्यालय में सोमवार को छात्रों ने विपक्षी नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने डिंपल यादव, अखिलेश यादव, राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने नेताओं पर पेपर लीक के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया।

छात्रों ने विपक्षी नेताओं पर लगाए आरोप

प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना था कि जिन राज्यों में गैर-एनडीए सरकारें हैं, वहां भी पेपर लीक के मामले सामने आए हैं, लेकिन विपक्षी नेता उन मामलों पर आवाज नहीं उठा रहे हैं। छात्रों ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी, अखिलेश यादव, डिंपल यादव और अरविंद केजरीवाल जैसे नेता केवल उन मुद्दों को उठा रहे हैं, जिनसे केंद्र सरकार पर सवाल खड़े हों।

छात्रों ने कहा कि अगर पेपर लीक को लेकर आवाज उठाई जा रही है तो विपक्षी नेताओं को अपनी पार्टी या गठबंधन वाली सरकारों के शिक्षा मंत्रियों से भी जवाब मांगना चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस से हुई धक्का-मुक्की

छात्र दोपहर करीब 12 बजे विश्वविद्यालय के गेट नंबर-1 (आजाद द्वार) पर एकत्र हुए और नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद कुछ छात्र सड़क की ओर जाने लगे। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

पुलिस ने छात्रों को विश्वविद्यालय परिसर में ही रोकने का प्रयास किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग हटाने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए छात्रों को आगे बढ़ने से रोक दिया।

Also Read: ‘गारंटी निभाओ, वरना युवा फिर सड़क पर उतरेगा’, CJP ने फिर सरकार को दिया अल्टीमेटम 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.