क्या देश के युवाओं से डरती है सरकार? प्रियंका गांधी ने पूछा- क्यों चलाई गई छात्रों पर पैलेट गन
Priyanka Gandhi: लोकसभा में लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पूछा कि क्या सरकार देश के युवाओं से डरती है। प्रियंका ने सवाल उठाया कि यदि ऐसा नहीं है, तो प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पैलेट गन, आंसू गैस और लाठीचार्ज की जरूरत क्यों पड़ी। उन्होंने कहा, “क्या छात्र आतंकवादी थे?” साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से पूछा कि पैलेट गन चलाने का आदेश किसने दिया।
पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
प्रियंका गांधी ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था कई समस्याओं से जूझ रही है। उनके अनुसार, छात्रों पर बढ़ते दबाव के कारण कई छात्र आत्महत्या कर चुके हैं और बड़ी संख्या में युवा अवसाद का सामना कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले एक दशक में 152 बार पेपर लीक की घटनाएं हुईं, जिससे करोड़ों छात्र प्रभावित हुए, लेकिन किसी बड़े पेपर लीक माफिया को सजा नहीं मिली।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) बनाकर परीक्षा प्रणाली का केंद्रीकरण किया, जिससे व्यवस्था और जटिल हो गई।
प्रह्लाद जोशी पर टिप्पणी से सदन में हंगामा
बहस के दौरान प्रियंका गांधी ने नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी को लेकर भी टिप्पणी की। इस पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे चरित्र हनन बताया और बयान को रिकॉर्ड से हटाने तथा प्रियंका गांधी से माफी की मांग की।
वहीं, प्रह्लाद जोशी ने भी आरोपों को पूरी तरह खारिज किया और कहा कि ऐसे दावों के समर्थन में प्रमाण पेश किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि निराधार आरोप स्वीकार नहीं किए जा सकते और इस मामले में उचित कार्रवाई होनी चाहिए।
Also Read: बिहार के स्कूलों में अब शनिवार को होगा हाफ-डे, CM सम्राट चौधरी ने किया ऐलान

