न बिजली, न बेंच, न पानी…’ 1800 छात्रों ने सड़को पर किया प्रदर्शन, झुका फतेहपुर प्रशासन
Fatehpur School News: फतेहपुर के सर्वोदय इंटर कॉलेज (Sarvodaya Inter College) में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर मंगलवार को छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। करीब 1800 छात्र-छात्राएं स्कूल परिसर से बाहर निकल आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों का आरोप था कि लंबे समय से बिजली, पंखे, साफ पेयजल, शौचालय, बेंच और Mid-Day Meal जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी के बावजूद उनकी शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही थी। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन हरकत में आ गया।
छात्रों की शिकायतों के बाद मौके पर पहुंचे DIOS
मामले की जानकारी मिलने पर DIOS (District Inspector of Schools) राकेश कुमार स्कूल पहुंचे और पूरे परिसर का निरीक्षण किया। छात्रों की लिखित शिकायतें लेने के बाद उन्होंने स्कूल प्रबंधन को तत्काल आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि किसी भी छात्र को मूलभूत सुविधाओं के अभाव में पढ़ाई नहीं करनी पड़ेगी।

निरीक्षण के दौरान प्रत्येक कक्षा में चार-चार पंखे लगाने, खराब इलेक्ट्रिक वायरिंग ठीक कराने, परिसर की सफाई कराने और शुद्ध पेयजल के लिए RO Plant लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही Mid-Day Meal की गुणवत्ता और निर्धारित मात्रा सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
एक महीने में पूरी होंगी जरूरी व्यवस्थाएं
प्रशासन ने बताया कि जिन कक्षाओं में बेंच की कमी है, वहां एक महीने के भीतर नई बेंच उपलब्ध करा दी जाएंगी। खेल मैदान की सफाई और अन्य जरूरी सुविधाओं को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
DIOS ने स्पष्ट कहा कि छात्रों की पढ़ाई किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। प्रदर्शन के बाद प्रशासन की ओर से त्वरित कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर छात्र शांत हुए और स्कूल का माहौल सामान्य हो गया।
Also Read: Lucknow: पुलिस ने काटा चालान, गुस्साए लाइनमैन ने काट दी थाने-चौकियों की बिजली, मचा हड़कंप

