CM योगी के निर्देश पर बुनकरों की बिजली बिल मांग पर मंथन, फ्लैट रेट व्यवस्था पर हुई चर्चा
CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश के बुनकरों की लंबे समय से लंबित फ्लैट रेट बिजली बिल की मांग को लेकर मंगलवार को लखनऊ के खादी भवन सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान और मंत्री रविंद्र जायसवाल ने विभिन्न जिलों से आए बुनकर प्रतिनिधियों से बातचीत की।
बिजली लागत और उत्पादन पर रखी गई चिंता
बैठक के दौरान बुनकरों ने बिजली की बढ़ती लागत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि महंगी बिजली से उत्पादन प्रभावित हो रहा है, इसलिए फ्लैट रेट बिजली बिल व्यवस्था लागू की जाए। मंत्रियों ने प्रतिनिधियों की सभी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि सरकार बुनकरों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
सरकार ने समाधान का दिया भरोसा
राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पारंपरिक बुनकरी उद्योग को मजबूत करने और बुनकर परिवारों की आजीविका सुरक्षित रखने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बैठक में मिले सुझावों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, राकेश सचान ने कहा कि उत्तर प्रदेश की बुनकरी राज्य की सांस्कृतिक और आर्थिक पहचान है तथा सरकार इस उद्योग को अधिक प्रतिस्पर्धी और आत्मनिर्भर बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। बैठक के अंत में बुनकर प्रतिनिधियों ने उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने के लिए मुख्यमंत्री और मंत्रियों का आभार जताया।
Also Read: क्या देश के युवाओं से डरती है सरकार? प्रियंका गांधी ने पूछा- क्यों चलाई गई छात्रों पर पैलेट गन

