Bareilly News: सवा लाख से अधिक के गांजे के साथ 2 शातिर तस्कर गिरफ्तार

Bareilly News: उत्तर प्रदेश की बरेली पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। थाना बारादरी क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस टीम ने दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली, जिनके पास से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक पुराना शातिर अपराधी है, जो पहले भी हत्या, लूट और चोरी जैसे गंभीर अपराधों में जेल जा चुका है।

मंगलवार की मध्यरात्रि उप-निरीक्षक कुशलपाल सिंह और सौरभ डेढ़ा की अगुवाई में पुलिस बल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु गश्त पर था। सुरेश शर्मा नगर चौराहे से बनखंडीनाथ मंदिर की ओर जाते समय पुलिस को दो युवक पैदल जाते दिखे। पुलिस को देखते ही वे घबराकर तेज कदमों से भागने का प्रयास करने लगे। संदेह होने पर पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही धर दबोचा।

तलाशी लेने पर दोनों के पास से कुल 4.240 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1.30 लाख रुपये बताई जा रही है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रिंकू गिरि (23 वर्ष) निवासी संजयनगर (हवाई जहाज वाली कोठी के पास), सोनू उर्फ डिल्ली (24 वर्ष) निवासी संजयनगर (त्रिमूर्ति के पास), थाना बारादरी, बरेली के रूप में हुई है।

मौज-मस्ती और खर्चे के लिए करते थे तस्करी

पुलिस पूछताछ में आरोपी सोनू उर्फ डिल्ली ने स्वीकार किया कि वह अनपढ़ है और बिना कोई काम-काज किए आसानी से पैसे कमाने के लिए मादक पदार्थों की तस्करी में लगा था। उसने बताया कि पहले भी गांजा बेचकर उसे मोटा मुनाफा हुआ था, जिससे वह अपने शौक पूरे करता था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सोनू एक बेहद शातिर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ थाना बारादरी और कोतवाली में हत्या (धारा 302), लूट (धारा 392), जानलेवा हमला (धारा 307) और आर्म्स एक्ट के तहत आधा दर्जन के करीब संगीन मामले पहले से दर्ज हैं। बारादरी पुलिस ने दोनों तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (8/20 NDPS Act) के तहत केस संख्या 988/2026 पंजीकृत कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह के निर्देशन में उप-निरीक्षक कुशलपाल सिंह, सौरभ डेढ़ा तथा कांस्टेबल नवीन कुमार, पवन नागर, जयविंद कश्यप और अतुल कुमार शामिल रहे।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: लखनऊ में बिजली संविदा कर्मचारियों का प्रदर्शन, बोले- मांगें नहीं मानीं तो पूरे यूपी में होगा महाआंदोलन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.