Siddharthnagar News: अनियंत्रित होकर पलटा गिट्टी लदा ट्रिपलर, युवक की मौत, 13 से अधिक मवेशियों की गई जान

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। ढेबरुआ पुलिस थाना अंतर्गत इटवा–बढ़नी मार्ग (स्टेट हाईवे-75) पर मंगलवार की भोर में एक अनियंत्रित ट्रेलर सड़क से उतरकर पलट गया। लोहे की गिट्टी से लदे इस भारी वाहन की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ट्रेलर के नीचे दबकर 13 से ज्यादा गाय-भैंसों ने भी दम तोड़ दिया।

घटना के संबंध में मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान स्थानीय रामनगर गांव निवासी शिव प्रसाद यादव के 20 वर्षीय पुत्र सूरज यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यह भयावह हादसा भोर में करीब साढ़े तीन बजे घटित हुआ। दुर्घटना के वक्त हुए जोरदार धमाके और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण भारी संख्या में घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

अनियंत्रित होकर पलटा गिट्टी लदा ट्रिपलर, युवक की मौत

प्रशासनिक अमला मौके पर तैनात, बचाव कार्य जारी

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अफसर तुरंत हरकत में आ गए। शोहरतगढ़ के नायब तहसीलदार माधुर्य यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, वहीं ढेबरुआ थाने के प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद पुलिस बल के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गए। क्रैन और भारी मशीनों की मदद से सड़क से मलबा व दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाने का काम तेज गति से किया जा रहा है।

ट्रेलर के अनियंत्रित होकर पलटने के वास्तविक कारणों का फिलहाल आधिकारिक पता नहीं चल सका है। पुलिस प्रशासन मामले की गहनता से छानबीन कर रहा है। इस दुखद घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर व्याप्त है।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: Kanpur News: इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स ने चलाया जागरूकता अभियान, बांटे गए नि:शुल्क ओआरएस पैकेट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.