दिल्ली टीचर्स यूनिवर्सिटी में स्पॉट एडमिशन शुरू, BA-MA एजुकेशन की खाली सीटों पर ऐसे करें आवेदन
DTU Admission 2026: दिल्ली टीचर्स यूनिवर्सिटी (DTU) ने B.A. (Hons.) Education और M.A. (Hons.) Education की खाली सीटों पर स्पॉट एडमिशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 23 अगस्त तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश कार्यक्रम और विस्तृत दिशा-निर्देश भी वेबसाइट पर जारी कर दिए गए हैं।
विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. संजीव राय ने बताया कि इस प्रक्रिया में वे CUET-2026 उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं, जो किसी कारण पहले प्रवेश नहीं ले सके थे। उनके साथ नॉन-CUET अभ्यर्थियों को भी आवेदन का अवसर दिया गया है। छात्रों को किसी भी अपडेट के लिए नियमित रूप से विश्वविद्यालय की वेबसाइट देखते रहने की सलाह दी गई है।
DU PG स्पॉट राउंड-1 में 1,358 सीटें आवंटित
वहीं, दिल्ली विश्वविद्यालय के दो वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के स्पॉट राउंड-1 में 1,358 अभ्यर्थियों को सीटें आवंटित की गई हैं। चयनित उम्मीदवारों को 31 जुलाई शाम 4:59 बजे तक अपनी सीट स्वीकार करनी होगी। इसके बाद विश्वविद्यालय आगे की प्रवेश प्रक्रिया पूरी करेगा।
जानिए B.A. (Hons.) Education कोर्स की पात्रता और खास बातें
इस चार वर्षीय कोर्स में प्रवेश के लिए किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं में कम से कम 50% अंक आवश्यक हैं। SC, ST, PwBD, दिल्ली OBC (NCL), डिफेंस और कश्मीरी माइग्रेंट अभ्यर्थियों को 5% अंकों की छूट मिलेगी। यदि CUET मेरिट स्कोर समान होता है तो 12वीं के अंक और उसके बाद अधिक आयु वाले अभ्यर्थी को प्राथमिकता दी जाएगी।
यह 8 सेमेस्टर और 176 क्रेडिट वाला कार्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप तैयार किया गया है। इसमें शिक्षा सिद्धांत, शोध, संचार कौशल और स्कूलों व NGO में इंटर्नशिप के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव पर विशेष जोर दिया जाता है। कोर्स पूरा करने वाले छात्र UGC नियमों के अनुसार उच्च शिक्षा और शिक्षा विषय में शोध के लिए भी पात्र होंगे।

