NEET पेपर लीक का बड़ा खुलासा, NTA एक्सपर्ट्स सवाल याद कर छात्रों तक पहुंचाते थे
NEET UG 2026: NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में CBI ने बड़ा दावा किया है। दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में दाखिल 94 पेज की चार्जशीट के मुताबिक, पेपर लीक की साजिश परीक्षा से कई महीने पहले शुरू हो गई थी। CBI ने 28 जुलाई को 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी, जिसकी जानकारी शुक्रवार को सामने आई।
एजेंसी के अनुसार, NTA के तीन एक्सपर्ट्स पेपर तैयार करने और मॉडरेशन के दौरान सवाल याद करते थे। इसके बाद होटल लौटकर उन्हें पर्चियों पर लिखते थे। NCERT की किताबों में संबंधित अध्याय और पैराग्राफ भी चिह्नित किए जाते थे।
पर्चियों से WhatsApp-टेलीग्राम तक पहुंचा पेपर
CBI के मुताबिक, NTA के एक्सपर्ट्स से मिले सवाल बिचौलियों और निजी कोचिंग संचालकों तक पहुंचाए गए। इसके बाद WhatsApp, Telegram, PDF और फोटो के जरिए छात्रों को सवाल भेजे गए। कुछ जगहों पर छात्रों को लीक सवाल हाथ से लिखवाकर भी तैयारी कराई गई, ताकि डिजिटल सबूत कम रहें।
चार्जशीट में मनीषा गुरुनाथ मंधारे, पीवी कुलकर्णी और मनीषा संजय हवलदार को NTA से जुड़े आरोपी बताया गया है। एजेंसी का दावा है कि कुलकर्णी ने 135 केमिस्ट्री सवाल और उनके विकल्प नोट किए थे।
13 आरोपियों पर कार्रवाई, खाते फ्रीज
CBI ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, चैट रिकॉर्ड, दस्तावेज और गवाहों के बयान से नेटवर्क के बारे में जानकारी मिली। आरोपियों में कोचिंग और अन्य संस्थानों से जुड़े लोग भी शामिल हैं। एजेंसी ने 13 आरोपियों के बैंक खाते, लॉकर और एक डीमैट अकाउंट फ्रीज किया है।
आरोपियों पर BNS, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और लोक परीक्षा अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। CBI के अनुसार, कथित पेपर लीक का मकसद अवैध कमाई और कुछ कोचिंग संस्थानों के परिणाम बेहतर दिखाना था। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

