अतीक के बेटे अबान के जनाजे में उमड़ी हजारों की भीड़, टूटी पुलिस बैरिकेडिंग, उमर भी पहुंचा

Aban Ahmed Funeral: माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान के जनाजे में शनिवार को हजारों लोग पहुंच गए। भीड़ बढ़ने से हालात बिगड़ गए और लोगों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी। स्थिति संभालने के लिए पुलिस ने कुछ समय के लिए कब्रिस्तान में लोगों की एंट्री रोक दी।

इसी दौरान लखनऊ जेल से उमर को लेकर पुलिस की टीम प्रयागराज पहुंची तो उसे देखने के लिए लोग बड़ी संख्या में जुट गए। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह भीड़ को नियंत्रित किया।

अबान को प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में उसके पिता अतीक अहमद की कब्र के पास दफनाया जाना है। इसी परिसर में उसके दादा फिरोज अहमद, चाचा अशरफ और भाई असद की कब्र भी है।

अली 30 पुलिसकर्मियों की सुरक्षा में पहुंचा

अबान के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उसका भाई अली भी शनिवार सुबह झांसी जेल से प्रयागराज के लिए रवाना हुआ। करीब 400 किलोमीटर की यात्रा के दौरान उसकी सुरक्षा में 30 पुलिसकर्मी तैनात रहे। चेहरा बाहर से दिखाई न दे, इसके लिए पुलिस वैन पर पर्दे लगाए गए।

लखनऊ जेल से उमर को भी पर्दे लगी वैन से प्रयागराज लाया गया। उसके साथ करीब 20 पुलिसकर्मी रहे। दोनों भाइयों को चार साल में पहली बार पैरोल मिली है।

परिवार से मुलाकात के बाद लौटेंगे जेल

पुलिस की मौजूदगी में उमर और अली की भाई अहजम और बुआ परवीन कुरैशी से करीब एक घंटे मुलाकात कराई जानी है। इसके लिए कब्रिस्तान के पास की एक मस्जिद में व्यवस्था की गई है।

परिवार अबान के शव को हटवा गांव से कुछ समय के लिए कसारी-मसारी स्थित अतीक के पुराने घर ले जाना चाहता है। पुलिस सीधे गांव से कब्रिस्तान ले जाने के पक्ष में है। इस मुद्दे पर वरिष्ठ अधिकारी परिवार से बातचीत कर रहे हैं। मुलाकात और अंतिम संस्कार के बाद दोनों को वापस जेल ले जाया जाएगा।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.