ट्रंप ने स्टीफन मिलर को बनाया व्हाइट हाउस का नया चीफ ऑफ स्टाफ

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी प्रशासनिक टीम में बड़ा बदलाव करते हुए अपने करीबी सहयोगी और सख्त आव्रजन नीति के प्रमुख रणनीतिकार स्टीफन मिलर को व्हाइट हाउस का नया चीफ ऑफ स्टाफ नियुक्त किया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर इस बात की घोषणा करते हुए मिलर को अपना सबसे भरोसेमंद सलाहकार करार दिया। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व चीफ ऑफ स्टाफ सूसी वाइल्स के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनका आभार जताया है, हालांकि वाइल्स की आगामी भूमिका को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।

कौन हैं स्टीफन मिलर और क्यों अहम है यह नियुक्ति

स्टीफन मिलर इससे पहले प्रशासन में डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ के रूप में सेवाएं दे रहे थे और अब वह व्हाइट हाउस के 33वें चीफ ऑफ स्टाफ बनेंगे। मिलर ट्रंप के दोनों प्रशासनों में प्रमुख पदों पर रह चुके हैं और उन्हें राष्ट्रपति की सख्त आव्रजन नीतियों का मुख्य शिल्पकार माना जाता है। इस पद पर आने के बाद व्हाइट हाउस के प्रशासनिक कामकाज, नीतिगत समन्वय और राष्ट्रपति तक वरिष्ठ अधिकारियों की पहुंच को नियंत्रित करने की अहम जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी।

रिपब्लिकन खेमे में इस नियुक्ति का जोरदार स्वागत किया गया है। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने मिलर को ‘देशभक्त’ बताया है, वहीं विदेश मंत्री मार्को रुबियो, एफबीआई निदेशक काश पटेल और संचार निदेशक स्टीवन चेउंग ने भी उनके नेतृत्व और ट्रंप के एजेंडे के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की है।

डेमोक्रेटिक पार्टी ने किया तीखा विरोध

स्टीफन मिलर की इस नियुक्ति पर विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी ने कड़ी आपत्ति जताई है। कैलिफोर्निया के डेमोक्रेटिक सीनेटर एलेक्स पाडिला ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मिलर की नियुक्ति से यह साफ है कि ट्रंप अपनी कठोर आव्रजन नीतियों को और अधिक आक्रामक रूप देने जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मिलर अतीत में परिवारों को अलग करने और बड़े पैमाने पर गिरफ्तारियों जैसी नीतियों के पीछे रहे हैं, जिससे समाज के एक वर्ग में भय का माहौल बना है। पाडिला ने यह भी चेतावनी दी कि डेमोक्रेट सांसद अब संघीय फंडिंग, जांच और समन के जरिए इस प्रशासन की नीतियों की कड़ी जवाबदेही तय करेंगे।

सूसी वाइल्स का रहा है ऐतिहासिक कार्यकाल

जिन्हें मिलर रिप्लेस कर रहे हैं, उन सूसी वाइल्स ने ट्रंप के 2024 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान को ऐतिहासिक सफलता दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी और वह व्हाइट हाउस की पहली महिला चीफ ऑफ स्टाफ बनने का गौरव प्राप्त कर चुकी हैं। उनके कार्यकाल के दौरान राष्ट्रपति कार्यालय के कर्मचारियों और नीतिगत कार्यक्रमों के समन्वय की जिम्मेदारी उन्होंने बखूबी संभाली थी।

Also Read: गुजरात के बिलिमोरा में प्लास्टिक की होलसेल दुकान में लगी भीषण आग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.